Headlines

जमुई सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए स्पेशल क्लासेज शुरू:संकल्प संध्या के तहत 31 मार्च 2027 तक रोज शाम 5 से 7:30 बजे तक होगी पढ़ाई




जमुई के सरकारी स्कूलों में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए मंगलवार को ‘संकल्प संध्या’ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। शिक्षा विभाग, बिहार सरकार की इस पहल का उद्घाटन डीएम नवीन ने पीएमश्री प्लस टू उच्च विद्यालय, जमुई में किया। आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ कार्यक्रम के तहत 17 नवंबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक रोज शाम 5 से 7:30 बजे तक विशेष कक्षाएं चलेंगी। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को अतिरिक्त पढ़ाई की सुविधा देना है। इन कक्षाओं में विषयवार पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों की शैक्षणिक कठिनाइयों का समाधान किया जाएगा। यह पूरी व्यवस्था निःशुल्क होगी। विद्यार्थियों को अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, कंप्यूटर साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पढ़ाया जाएगा। इसके लिए स्मार्ट बोर्ड और डिजिटल संसाधनों का भी इस्तेमाल किया जाएगा। अनुशासन और नियमित अभ्यास पर जोर शुभारंभ के मौके पर डीएम नवीन ने कहा कि ‘संकल्प संध्या’ से विद्यार्थियों को अपनी कमजोरियां दूर करने और विषयों को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिलेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य तय कर अनुशासन, निरंतरता और नियमित अभ्यास के साथ पढ़ाई करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अच्छे परिणाम के लिए संसाधन और मार्गदर्शन के साथ विद्यार्थियों की मेहनत और नियमितता भी जरूरी है। विद्यार्थियों को नियमित कक्षाओं में आने, शिक्षकों से अपनी शंकाओं का समाधान कराने और इस अवसर का पूरा लाभ उठाने को कहा। विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने की अपील जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि यह अभियान विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए तैयार करने की पहल है। उन्होंने सेवानिवृत्त प्रशासनिक और शिक्षा सेवा के अधिकारियों के साथ अनुभवी शिक्षकों से भी अभियान से जुड़कर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने की अपील की। इस मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना), जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, विद्यालय के शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *