Headlines

'नीतीश के बाद निशांत को आगे बढ़ा रही पार्टी':मंत्री श्रवण कुमार ने समर्थन देने की अपील की, कहा- बिहार का विकास नीतीश के कारण संभव हुआ




गयाजी के वजीरगंज से ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार का विकास नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही संभव हुआ है। अब पार्टी ने उनके बाद युवा नेता निशांत कुमार को आगे बढ़ाने का काम किया है। जनता को नीतीश कुमार की तरह ही निशांत कुमार को भी समर्थन देना चाहिए। इसके लिए आप सभी तैयार रहें। खास बात यह भी कि मंत्री श्रवण कुमार का कार्यक्रम मंगलवार को वजीरगंज में करीब 12 बजे निर्धारित था, लेकिन उनका आगमन 4 घण्टे लेट 4 बजे शाम को हो सका। इसके बाद ही सभा शुरू हुई। मंगलवार को वजीरगंज प्रखंड के केनार गांव स्थित महावीर स्थान पर सुशासन दिवस के अवसर पर आयोजित नीतीश संवाद कार्यक्रम में मंत्री श्रवण कुमार ने ये बातें कही। उपलब्धियों को गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील मंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार के 20 साल के कार्यकाल को बिहार में विकास और सामाजिक बदलाव का दौर बताया। साथ ही कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की। मंत्री ने कहा कि पहले गरीब परिवारों को बच्चों की पढ़ाई, बीमारी के इलाज और दो वक्त की रोटी के लिए दूसरों के सामने हाथ फैलाना पड़ता था। अब सरकार की योजनाओं से उनकी आर्थिक स्थिति में बदलाव आया है। जीविका दीदियों और गरीब परिवारों के खातों में सीधे आर्थिक सहायता पहुंचाई जा रही है। पहले चरण में 10 हजार रुपए और बेहतर काम करने पर 20 से 30 हजार रुपए तक की मदद दी गई है। उन्होंने इसे महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में बड़ा कदम बताया।
साइकिल योजना से बदली बेटियों की तस्वीर श्रवण कुमार ने शिक्षा के क्षेत्र में हुए बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि 2008 में साइकिल योजना शुरू होने के समय 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली बेटियों की संख्या करीब 1.70 लाख थी। उस समय संपन्न परिवारों की लड़कियां भी साइकिल से स्कूल जाने में संकोच करती थीं। आज स्थिति बदल गई है। स्कूलों में लड़कियों की संख्या लड़कों से भी अधिक हो गई है। उन्होंने इसे नीतीश कुमार की दूरगामी सोच और सामाजिक बदलाव का परिणाम बताया। उच्च शिक्षा को लेकर उन्होंने स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का भी जिक्र किया। कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर छात्र 4 लाख रुपए तक की सहायता लेकर अपनी पसंद के संस्थान में पढ़ाई कर सकते हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में हुए कार्यों को भी उन्होंने सरकार की उपलब्धियों में शामिल किया।
संगठन को मजबूत करने पर जोर
मंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि सरकार के कामकाज और योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाना जरूरी है। नीतीश कुमार के हाथों को मजबूत करने की अपील करते हुए उन्होंने पार्टी के संगठन को भी मजबूत करने पर जोर दिया। वहीं, जदयू के प्रदेश महासचिव चन्दन सिंह ने कहा 24 नवंबर को सुशासन दिवस मनाया जा रहा है। उस कार्यक्रम में शरीक होने लिए न्योता देने हमारे नेता श्रवण कुमार आपलोगों के बीच आएं हैं। कार्यक्रम में जदयू प्रदेश महासचिव चंदन कुमार सिंह, पूर्व एमएलसी अनुज सिंह, पूर्व सांसद विजय मांझी, पूर्व विधायक कृष्णानंद यादव समेत कई नेता और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। युवा जदयू के प्रखंड अध्यक्ष क्रांतिवीर शर्मा और प्रखंड अध्यक्ष धीरेंद्र कुमार वर्मा की भी सक्रिय भूमिका रही। गौरतलब है कि पूरे प्रदेश में सुशासन दिवस मनाए जाने की तैयारी जोरों पर है। गया जिले में 24 नवंबर को सुशासन दिवस मनाया जाएगा। इसकी तैयारी पंचायत से लेकर ब्लॉक और फिर जिला स्तर पर की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *