![]()
सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के मदुरै स्थित थिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी पर 24 नवंबर को कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दी है। यह अनुमति सिर्फ इस साल के लिए और एक बार के तौर पर दी गई है। कोर्ट ने दीप जलाने की रस्म के लिए कुछ शर्तें भी तय की हैं। दरअसल, पहाड़ी पर स्थित प्राचीन पत्थर के स्तंभ दीपथून पर दीप जलाने को लेकर विवाद है। यह स्तंभ हजरत सुल्तान सिकंदर बदूशा औलिया दरगाह से करीब 50 मीटर दूर है। कई दशकों से दीप पहाड़ी की निचली ढलान पर बने दीप मंडपम में जलाया जाता रहा है। हिंदू संगठनों की मांग है कि दीपथून पर दीप जलाया जाए। सुप्रीम कोर्ट ने साफ किया है कि इस साल की अनुमति को स्थायी परंपरा या अगले सालों में दीप जलाने के अधिकार के तौर पर नहीं माना जाएगा। मामले पर जनवरी 2027 के दूसरे हफ्ते में फिर सुनवाई होगी। मंदिर प्रशासन की सीमित टीम ही जलाएगी दीप कोर्ट ने निर्देश दिया कि दीप जलाने की रस्म मंदिर प्रशासन की ओर से बनाई गई सीमित टीम ही पूरी करेगी। टीम में कितने लोग होंगे और कौन-कौन शामिल होगा, यह मदुरै के जिला कलेक्टर तय करेंगे। इसके लिए वे मंदिर के कार्यकारी अधिकारी, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) और मदुरै पुलिस कमिश्नर से सलाह लेंगे। जिला कलेक्टर ही रस्म का समय, रास्ता और अवधि तय करेंगे। वे पूरे इंतजाम की निगरानी भी करेंगे। पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। जरूरत पड़ने और संभव होने पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की मदद भी ली जा सकती है। कोर्ट ने कहा कि दीप जलाने की अनुमति से पहाड़ी पर प्रवेश, कब्जे या नियंत्रण का कोई नया अधिकार नहीं मिलेगा। इस साल होने वाली रस्म को भविष्य में स्थापित परंपरा का सबूत बताकर अगले वर्षों में अनुमति मांगने का आधार भी नहीं बनाया जा सकेगा। ASI की निगरानी में होंगे इंतजाम, निर्माण पर रोक सुप्रीम कोर्ट ने ASI को स्थल के संरक्षण के लिए जरूरी सुरक्षा उपाय तय करने का निर्देश दिया है। पहाड़ी पर खुदाई, निर्माण और ढांचे में बदलाव नहीं किया जा सकेगा। कोर्ट ने यह भी कहा कि मौजूदा पूजा स्थलों पर परंपरागत पूजा जारी रहेगी। दरगाह और मस्जिद तक कानूनी रूप से आने-जाने में भी कोई रुकावट नहीं होनी चाहिए। जिला कलेक्टर को इस पूरे मामले का नोडल अधिकारी बनाया गया है। उन्हें त्योहार के तीन दिन के भीतर कोर्ट में रिपोर्ट देनी होगी। रिपोर्ट में यह बताना होगा कि आयोजन के दौरान कोई ऐसी कानूनी, भौतिक या सुरक्षा संबंधी परेशानी आई या नहीं, जिसे कोर्ट के निर्देशों के तहत दूर नहीं किया जा सका। धार्मिक स्वतंत्रता और न्यायिक समीक्षा से जुड़े सवालों पर सुनवाई होगी सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इस मामले में कई अहम कानूनी सवाल जुड़े हैं। इनमें अलग-अलग धार्मिक दावे, संविधान के अनुच्छेद 25 और 26 के तहत धार्मिक स्वतंत्रता और धार्मिक परंपराओं से जुड़े मामलों में अदालत की समीक्षा की सीमा शामिल है। कोर्ट ने अपीलों में शामिल बाकी पक्षों को भी नोटिस जारी किया है। सभी पक्षों को छह सप्ताह के भीतर अपना जवाब दाखिल करना होगा। इसके बाद अगर किसी पक्ष को जवाब पर अपना पक्ष रखना है, तो इसके लिए तीन सप्ताह का समय दिया गया है। मामले की अगली सुनवाई जनवरी 2027 के दूसरे सप्ताह में होगी। नवंबर 2025 में दीप जलाने की अनुमति देने से किया था इनकार नवंबर 2025 में अधिकारियों ने दरगाह से नजदीकी और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका का हवाला देते हुए दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद दिसंबर 2025 में मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै बेंच के एकल जज ने मंदिर प्रशासन को दीपथून पर दीप जलाने का निर्देश दिया। कोर्ट ने कहा था कि यह स्तंभ दरगाह से 50 मीटर से अधिक दूरी पर स्थित है। 6 जनवरी 2026 को हाईकोर्ट की खंडपीठ ने भी इस आदेश को बरकरार रखा। हालांकि, उसने मंदिर प्रशासन को ASI और पुलिस से सलाह लेकर रस्म पूरी करने का निर्देश दिया था, क्योंकि यह एक विरासत स्थल है। तमिलनाडु सरकार ने हाईकोर्ट के इन फैसलों को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। सरकार ने दलील दी थी कि दरगाह के पास पत्थर के स्तंभ पर दीप जलाने की अनुमति देने से देशभर में मौजूद हजारों सर्वे स्तंभों को धार्मिक पहचान मिलने का रास्ता खुल सकता है। अगस्त 2026 में सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार की याचिका पर नोटिस जारी किया था। फैसले के बाद पहाड़ी पर सुरक्षा बढ़ाई गई सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद शुक्रवार को थिरुपरनकुंड्रम मुरुगन मंदिर की पहाड़ी के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। कार्तिगई दीपम का त्योहार 24 नवंबर को मनाया जाएगा। के. अन्नामलाई और हिंदू संगठनों ने फैसले का स्वागत किया सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद श्रद्धालुओं और हिंदू संगठनों से जुड़े स्वयंसेवकों ने इसका स्वागत किया। कई लोगों ने नारियल फोड़कर खुशी जताई। भाजपा के पूर्व नेता के. अन्नामलाई ने कहा कि भगवान मुरुगन के श्रद्धालुओं की ओर से वे दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति देने के लिए सुप्रीम कोर्ट का धन्यवाद करते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सुप्रीम कोर्ट मामले से जुड़े तथ्यों पर विचार कर अगले साल से दीपथून पर दीप जलाने की स्थायी अनुमति देगा। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें भरोसा है कि TVK सरकार कोर्ट के निर्देशों का पालन करेगी और दीप जलाने की रस्म में कोई रुकावट नहीं आने देगी।
Source link
मदुरै की थिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी पर 24 नवंबर को जलेगा दीपम:सुप्रीम कोर्ट ने इजाजत दी; दरगाह के पास दीपथून पर रस्म को लेकर विवाद
