![]()
जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा फतेहपुर मोड़ के पास हुआ। मृतक की पहचान बरहट निवासी काजू तुरी के बेटे कारू तुरी (25) के रूप में हुई है। घायलों में हरनी गांव निवासी सूरज कुमार और सुभाष कुमार शामिल हैं। गिद्धेश्वर मंदिर घूमने जा रहे थे तीनों दोस्त जानकारी के अनुसार, कारू तुरी अपनी पत्नी के मायके हरनी गांव आया हुआ था। शुक्रवार को वह अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से गिद्धेश्वर मंदिर घूमने जा रहा था। इसी दौरान फतेहपुर मोड़ के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित किया हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तीनों घायलों को एंबुलेंस से सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद कारू तुरी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सूरज कुमार की गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। सुभाष कुमार का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर फरार प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर मृतक और घायलों के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। कारू दो भाइयों में छोटा था। उसकी शादी हरनी गांव में हुई थी। पुलिस कर रही ट्रैक्टर चालक की तलाश खैरा थाना पुलिस हादसे की जांच में जुटी है। पुलिस फरार ट्रैक्टर और उसके चालक की पहचान करने की कोशिश कर रही है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Source link
ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मारी, एक की मौत:2 साथी घायल, दोस्तों के साथ गिद्धेश्वर मंदिर जा रहा था; ड्राइवर भागा
