![]()
बेतिया में करोड़ों रुपए के सोना लूटकांड के बाद बिहार पुलिस ने सराफा बाजारों की सुरक्षा बढ़ाने की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा सराफा बाजार पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अखिल भारतीय सराफा संघ के पदाधिकारियों और व्यवसायियों के साथ बैठक कर सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। एसएसपी ने बाजार में रात्रि गश्ती बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर पुलिस पिकेट स्थापित करने की तैयारी की बात कही। रात्रि गश्ती बढ़ेगी, पुलिस पिकेट की तैयारी बैठक में बाजार की निगरानी, दुकानों की सुरक्षा और स्थानीय पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया गया। एसएसपी ने कहा कि सराफा बाजार में पहले से पुलिस की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था है, लेकिन बदलते हालात को देखते हुए इसे और प्रभावी बनाया जाएगा। इसके लिए बाजार क्षेत्र में पुलिस की रात्रि गश्ती बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सराफा बाजार में स्थानीय स्तर पर पुलिस पिकेट स्थापित करने की भी तैयारी की जा रही है। इससे बाजार में पुलिस की मौजूदगी बनी रहेगी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा सकेगी। खराब सीसीटीवी कैमरे तत्काल दुरुस्त कराएं एसएसपी ने आभूषण दुकानदारों को अपनी दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन दुकानों के कैमरे खराब हैं, उन्हें तत्काल दुरुस्त कराया जाए। आपराधिक घटना होने पर सीसीटीवी फुटेज से अपराधियों की पहचान करने और जांच में मदद मिल सकती है। इसके अलावा बाजार और आसपास के इलाकों में रहने वाले किरायेदारों का सत्यापन कराने पर भी जोर दिया गया। पुलिस की ओर से बाजार की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय स्तर पर सतर्कता बढ़ाने की बात कही गई। पुलिस की पहल से व्यवसायियों में भरोसा अखिल भारतीय सराफा संघ के उपमंत्री आशीष रंजन ने कहा कि बेतिया की घटना के बाद प्रशासन की ओर से सुरक्षा को लेकर की गई पहल से व्यवसायियों का भरोसा बढ़ा है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन सराफा बाजार की सुरक्षा को लेकर गंभीर है।
Source link
बेतिया लूट के बाद मुजफ्फरपुर पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाई:SSP कांतेश कुमार मिश्रा ने सराफा बाजार का जायजा लिया, रात में गश्त तेज होगी
