Headlines

घर से चोरी करने वाला आरोपी 5 घंटे में गिरफ्तार:औरंगाबाद पुलिस ने लैपटॉप-मोबाइल बरामद किया, सोने-चांदी के जेवरात और 50 हजार रुपए अब भी गायब




औरंगाबाद के दाउदनगर में घर का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले में पुलिस ने SIT गठित होने के महज पांच घंटे के अंदर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान शमशेरनगर पीड़ी पर, वार्ड संख्या-15 निवासी गोलू कुमार (19) के रूप में हुई है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का एक लैपटॉप और मोबाइल फोन बरामद किया है। हालांकि, घर से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात और 50 हजार रुपए नकद अब तक बरामद नहीं हुए हैं। पुलिस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। शुक्रवार को दाउदनगर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में प्रेसवार्ता कर एसडीपीओ चंद्रभूषण ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दाउदनगर थाना क्षेत्र के शमशेरनगर पीड़ी पर, वार्ड संख्या-15 निवासी पवन कुमार के घर में चोरी हुई थी। 6 नवंबर की रात अज्ञात चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और गोदरेज में रखे सोने-चांदी के जेवरात, एक लैपटॉप और 50 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गए थे। 18 नवंबर को दर्ज कराई गई थी प्राथमिकी घटना के बाद पीड़ित पवन कुमार ने 18 नवंबर को दाउदनगर थाना में लिखित शिकायत दी थी। इसके आधार पर थाना कांड संख्या 778/26 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) के तहत अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्य से मिला सुराग पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा के निर्देश पर एसडीपीओ चंद्रभूषण के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्य जुटाने के साथ गुप्त सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। इसी क्रम में गोलू कुमार का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, एसआईटी गठन के पांच घंटे के भीतर गिरफ्तारी की गई। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर आरोपी की निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया गया। लैपटॉप और मोबाइल बरामद, जेवरात की तलाश जारी पुलिस ने गोलू कुमार की निशानदेही पर ग्रे रंग का इनफिनिक्स कंपनी का लैपटॉप बरामद किया है। इसका मॉडल XL23 बताया गया है। इसके अलावा मोटोरोला कंपनी का आसमानी रंग का स्मार्टफोन भी जब्त किया गया है। चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात और 50 हजार रुपए नकद की बरामदगी अभी नहीं हुई है। कार्रवाई में थानाध्यक्ष विकास कुमार, अनुसंधानकर्ता नेहा कुमारी, पुलिस अवर निरीक्षक सुदीश कुमार, विक्की कुमार और प्रदीप कुमार शामिल थे। टीम में पीटीसी शशि कुमार सिंह, सिपाही साजन कुमार, मणि सिंह और महिला सिपाही चाहत प्रिया की भी भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और शेष सामान की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *