Headlines

Pahalgam Terror Attack Investigation | NIA Probing Chinese GoPro Camera


नई दिल्लीकुछ ही क्षण पहले

  • कॉपी लिंक
यह तस्वीर 22 अप्रैल 2025 की है जब पहलगाम में आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी। - Dainik Bhaskar

यह तस्वीर 22 अप्रैल 2025 की है जब पहलगाम में आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी।

पहलगाम आतंकी हमले में शामिल आतंकियों के पास से अमेरिकी कंपनी गोप्रो का कैमरा मिला था। इस कैमरे को लेकर भारत ने चीन से जानकारी मांगी थी, लेकिन अब तक वहां से कोई जवाब नहीं आया है।

NIA के डायरेक्टर जनरल राकेश अग्रवाल ने शुक्रवार को बताया कि जांच एजेंसी के पास मामले से जुड़े कुछ फॉरेंसिक सबूत हैं। गोप्रो कंपनी ने बताया था कि यह कैमरा चीन के एक अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर को भेजा गया था।

अब NIA यह पता लगा रही है कि कैमरा वहां से पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के हैंडलर्स तक कैसे पहुंचा। जांचकर्ता इस मामले में पाकिस्तान की सेना की संभावित भूमिका की भी पड़ताल कर रहे हैं।

गोप्रो कंपनी से मांगी थी कैमरे की जानकारी

NIA ने कैमरे की सप्लाई का पता लगाने के लिए अमेरिकी कंपनी GoPro से संपर्क किया था। एजेंसी ने कंपनी से पूछा था कि यह डिवाइस कहां बेचा गया था। कंपनी ने जवाब दिया कि कैमरा चीन के एक अधिकृत कमर्शियल डिस्ट्रीब्यूटर को भेजा गया था।

जांचकर्ताओं को आशंका है कि पाकिस्तान की सेना ने ऐसे उपकरण खरीदे और बाद में आतंकी संगठनों को मुहैया कराए। हालांकि, इसकी पुष्टि के लिए जांच जारी है।

भारत और चीन के बीच आपसी कानूनी सहायता संधि (MLAT) नहीं है। इसलिए ऐसे मामलों में जानकारी मांगने के लिए राजनयिक माध्यमों का इस्तेमाल किया जाता है।

डाचीगाम में मुठभेड़ के दौरान मिला था कैमरा

यह हाईटेक कैमरा जुलाई 2025 में श्रीनगर के बाहरी इलाके डाचीगाम के जंगलों में मुठभेड़ के दौरान मारे गए आतंकियों के पास से बरामद हुआ था। ये तीनों आतंकी 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम के बैसरन मैदान में हुए हमले में शामिल थे। इस हमले में 26 लोगों की हत्या कर दी गई थी, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे।

हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। इसके तहत पाकिस्तान के कब्जे वाले इलाकों में लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के मुख्य ठिकानों को निशाना बनाया गया था।

अधिकारियों के मुताबिक, बैसरन में हमले वाली जगह से मिली कम से कम दो AK-47 राइफल और डाचीगाम में मुठभेड़ के दौरान मिली एक राइफल भी चीन में बनी थी।

हमले के बाद जंगल के रास्ते भागे थे आतंकी

प्रारंभिक जांच के मुताबिक, हमले के बाद तीनों आतंकी बैसरन मैदान से पहलगाम के जंगलों के रास्ते भागे थे। माना जा रहा है कि वे एक गाड़ी से वहां से निकले। सुरक्षा बलों को हमले की गंभीरता समझने में करीब 40 मिनट लगे थे।

जांचकर्ताओं को पहलगाम से बाहर जाने वाली सड़क पर शोपियां नंबर की एक गाड़ी दिखाई दी थी। हालांकि, रास्ते में लगे कई CCTV कैमरे खराब होने के कारण जांच एजेंसी उस गाड़ी का पता नहीं लगा सकी।

लश्कर और छह लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल

NIA ने इस मामले में लश्कर-ए-तैयबा और छह लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। इनमें मारे गए तीन आतंकी फैसल जट्ट उर्फ सुलेमान, हबीब ताहिर उर्फ छोटू और हमजा अफगानी शामिल हैं। इनके अलावा लश्कर के स्वयंभू कमांडर साजिद जट्ट उर्फ साजिद जुट का नाम भी चार्जशीट में है।

दो स्थानीय निवासी बशीर अहमद जोथड और परवेज अहमद भी चार्जशीट में आरोपी बनाए गए हैं। उन पर हमले से पहले आतंकियों को खाना और रहने की जगह देने का आरोप है। जांच एजेंसी अब भी पता लगा रही है कि इस साजिश में इनके अलावा कोई और भी शामिल था या नहीं।

आतंकी हमलों की रिकॉर्डिंग के लिए कैमरों का इस्तेमाल

अधिकारियों के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में आतंकी संगठन हमलों की रिकॉर्डिंग के लिए शरीर पर लगाए जाने वाले और विशेष कैमरों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इन रिकॉर्डिंग का इस्तेमाल प्रचार और लोगों में डर फैलाने के लिए किया जाता है।

जांचकर्ताओं का मानना है कि इस कैमरे की सप्लाई चेन का पता लगाने से उन नेटवर्क की जानकारी मिल सकती है, जिनके जरिए आतंकी संगठनों तक पैसा, हथियार और दूसरे उपकरण पहुंचाए जाते हैं।

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *