1 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

मेडसाइकिल अभियान के तहत जरूरतमंदों तक निशुल्क दवाईयां पहुंचाई जा रही हैं।
घर में बीमारी ठीक होने के बाद अक्सर दवाइयां बच जाती हैं। ज्यादातर लोग इन्हें दवा की अलमारी या दराज में रख देते हैं। कई बार एक्सपायरी डेट निकलने के बाद इन्हें कचरे में फेंक दिया जाता है। लेकिन ऐसा करने से पर्यावरण, जानवरों और इंसानों को नुकसान पहुंच सकता है। इसी समस्या को समझते हुए एक युवा ने ‘मेडसाइकिल’ (MedCycle) अभियान शुरू किया। इसका मकसद दवाइयों की बर्बादी रोकना और जरूरतमंद लोगों तक दवाइयां पहुंचाना है।
इस अभियान के तहत घरों, स्वास्थ्य केंद्रों और मेडिकल स्टोर से बची हुई और एक्सपायर हो चुकी दवाइयां इकट्ठा की जाती हैं। इसके बाद इन्हें अलग-अलग किया जाता है। एक्सपायर दवाइयों को सरकारी मान्यता प्राप्त केंद्रों पर सुरक्षित तरीके से नष्ट किया जाता है, जबकि इस्तेमाल के लायक बची हुई दवाइयां जरूरतमंदों की मदद करने वाले स्वास्थ्य केंद्रों और गैर-सरकारी संगठनों (NGO) को दी जाती हैं।

कार्टन में लोगों द्वारा दान की गई दवाईयों के हजारों पैकेट।
173 किलो दवाइयां और मेडिकल उपकरण जरूरतमंदों तक पहुंचाए
अभियान के जरिए अब तक 173 किलो दवाइयां और मेडिकल उपकरण जरूरतमंदों को दिए जा चुके हैं। वहीं, 527 किलो दवाइयों को पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना सुरक्षित तरीके से नष्ट कराया गया है। इस काम में ब्लाइंड रिलीफ एसोसिएशन, आर्य समाज और स्थानीय क्लीनिकों का सहयोग मिला है। इनके साथ मिलकर लोगों को दवाइयों के सही इस्तेमाल और उन्हें फेंकने के सही तरीके के बारे में जागरूक किया जा रहा है।
कोविड के बाद बढ़ी मेडिकल कचरे की समस्या
अभियान शुरू करने वाले युवा के मुताबिक, भारत में हर दिन सैकड़ों टन बायोमेडिकल कचरा पैदा होता है। इसका बड़ा हिस्सा सही तरीके से नष्ट नहीं हो पाता। कोविड महामारी के बाद यह समस्या और गंभीर हो गई। इस दौरान उन्हें समझ आया कि पर्यावरण से जुड़ी बड़ी समस्याओं की शुरुआत हमारी छोटी-छोटी आदतों से होती है।
प्रतियोगिताओं के जरिए भी लोगों को जागरूक कर रहे
मेडसाइकिल अभियान के तहत दवाइयां इकट्ठा करने और उन्हें जरूरतमंदों तक पहुंचाने के अलावा सामुदायिक प्रतियोगिताएं और पर्यावरण से जुड़े प्रोजेक्ट भी चलाए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य है कि घरों में बेकार पड़ी दवाइयां जरूरतमंदों के काम आएं और एक्सपायर दवाइयों को सही तरीके से नष्ट किया जाए।

