Headlines

मगध यूनिवर्सिटी के अतिथि शिक्षक अनशन पर बैठे:सेवा विस्तार-नियुक्ति पत्र की मांग; बोले-मांग पूरी होने तक नहीं हटेंगे




गया के बोधगया स्थित मगध विश्वविद्यालय मुख्यालय परिसर में सेवा विस्तार और नवीनीकरण की मांग को लेकर अतिथि सहायक प्राध्यापकों ने शुक्रवार से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू कर दिया। बिहार राज्य विश्वविद्यालय अतिथि सहायक प्राध्यापक संघ की मगध विश्वविद्यालय इकाई के बैनर तले शुरू हुए इस आंदोलन में शिक्षकों ने साफ कहा कि जब तक सभी अतिथि सहायक प्राध्यापकों का नवीनीकरण कर नियुक्ति पत्र जारी नहीं किया जाता, तब तक अनशन जारी रहेगा। शुक्रवार को डॉ. गणेश प्रसाद आमरण अनशन पर बैठे। संघ ने शनिवार से अनशनकारियों की संख्या बढ़ाने की बात कही है। आंदोलनकारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर तीन महीने से मामले को टालने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी होने तक वे 24 घंटे अनशन स्थल पर डटे रहेंगे। अनशनकारियों ने यह भी कहा कि आंदोलन के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी कुलपति की होगी। 11 महीने की सेवा अवधि पूरी, फिर भी नवीनीकरण लंबित शिक्षकों ने बताया कि वर्ष 2025 में मगध विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों में अतिथि सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति हुई थी। नियमानुसार 11 महीने की सेवा अवधि पूरी होने के बाद उनका नवीनीकरण यानी सेवा विस्तार किया जाना है। इसके लिए राजभवन की ओर से कुलाधिपति की स्वीकृति भी विश्वविद्यालय को भेजी जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। शिक्षकों का आरोप है कि कुलपति और कुलसचिव पिछले तीन महीने से उन्हें आश्वासन दे रहे हैं, लेकिन कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। सेवा विस्तार की मांग को लेकर कई बार विश्वविद्यालय के अधिकारियों से मुलाकात की गई। हर बार कुछ समय मांगा गया, लेकिन मामला लंबित ही रहा। 18 नवंबर को 60-70 शिक्षकों ने की थी मुलाकात आंदोलनकारियों के अनुसार, 18 नवंबर को करीब 60 से 70 अतिथि सहायक प्राध्यापक विश्वविद्यालय पहुंचे थे। उन्होंने कुलपति से मुलाकात कर नवीनीकरण की प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग की। इस दौरान कुलपति ने दिसंबर के पहले सप्ताह तक प्रक्रिया पूरी करने की बात कही थी। शिक्षकों का सवाल है कि जब राजभवन से करीब एक महीने पहले ही सेवा विस्तार की स्वीकृति मिल चुकी है तो फिर दिसंबर तक इंतजार क्यों कराया जा रहा है? उनका कहना है कि लगातार विश्वविद्यालय का चक्कर लगाने के बाद भी समाधान नहीं निकला। इसी वजह से उन्हें आमरण अनशन शुरू करना पड़ा। नवीनीकरण तक प्रत्याशा पत्र देने की मांग भी ठुकराई आमरण अनशन पर बैठे डॉ. सुरेंद्र कुमार ने कहा कि शिक्षकों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने वैकल्पिक प्रस्ताव भी रखा था। मांग की गई थी कि नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी होने तक सभी अतिथि सहायक प्राध्यापकों को प्रत्याशा पत्र जारी कर दिया जाए, ताकि वे अपने-अपने महाविद्यालयों में जाकर कक्षाओं का संचालन कर सकें। इससे नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी होने तक विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित नहीं होती। इसके बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रत्याशा पत्र जारी करने से भी इनकार कर दिया। शिक्षकों का कहना है कि दूसरे विश्वविद्यालयों में सेवा अवधि समाप्त होने के बाद प्रत्याशा पत्र जारी कर अतिथि शिक्षकों से पढ़ाई का काम लिया जाता है। मगध विश्वविद्यालय में ऐसी व्यवस्था क्यों नहीं की जा रही है? विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने का दावा डॉ. गणेश प्रसाद ने कहा कि बिहार के विभिन्न विश्वविद्यालयों में करीब दो से ढाई हजार अतिथि सहायक प्राध्यापक कार्यरत हैं। अन्य विश्वविद्यालयों में सेवा अवधि समाप्त होने की स्थिति में भी प्रत्याशा पत्र जारी कर शिक्षकों से कक्षा संचालन कराया जाता है, लेकिन मगध विश्वविद्यालय में अतिथि सहायक प्राध्यापकों को काम करने से रोक दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि कई महाविद्यालयों में कुछ विषयों के अतिथि शिक्षक कक्षाएं नहीं ले रहे हैं। ऐसे में उन विषयों के विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन को शिक्षकों के नवीनीकरण के साथ विद्यार्थियों के भविष्य और शैक्षणिक व्यवस्था की भी चिंता करनी चाहिए। शनिवार से बढ़ेगी अनशनकारियों की संख्या संघ की ओर से शुक्रवार को डॉ. गणेश प्रसाद आमरण अनशन पर बैठे। डॉ. सुरेंद्र कुमार ने बताया कि शनिवार से अनशन पर बैठने वाले अतिथि सहायक प्राध्यापकों की संख्या बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी एक शिक्षक की नहीं, बल्कि मगध विश्वविद्यालय के सभी विषयों के अतिथि सहायक प्राध्यापकों के अधिकार और भविष्य से जुड़ी है। अनशनकारियों ने कहा कि उनका मॉनिटरिंग प्राधिकार राजभवन है। राजभवन और अतिथि सहायक प्राध्यापकों के बीच पूर्व में हुए समझौते का हवाला देते हुए उन्होंने अपनी मांगों को जायज बताया। शिक्षकों ने कुलपति और कुलसचिव से अविलंब हस्तक्षेप कर सभी अतिथि सहायक प्राध्यापकों का नवीनीकरण करने और नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। मांगों पर लिखित और ठोस कार्रवाई होने तक आमरण अनशन समाप्त नहीं किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *