Headlines

घाट से 100 मीटर दूर डाकघर की छत पर लगी-आग:फायर ब्रिगेड की 1 छोटी और 1 बड़ी गाड़ी ने करीब 30 मिनट में पाया काबू




सीवान में लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार शाम पुलवा छठ घाट पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब घाट से महज 100 मीटर दूर स्थित मुख्य डाकघर की ऊपरी मंजिल से काले धुएं का गुबार उठने लगा। डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घाट पर बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु मौजूद थे। अचानक धुआं देखकर लोगों में आग लगने की खबर फैल गई। डाकघर की छत से उठने लगा काला धुआं घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर तैनात अधिकारी सक्रिय हो गए। तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। इसके बाद दमकल की एक छोटी और एक बड़ी गाड़ी मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि मुख्य डाकघर की छत के एक हिस्से में आग लगी है। वहां से तेज लपटों के साथ काला धुआं निकल रहा था। सीढ़ी लगाकर छत तक पहुंचे अग्निशमन कर्मी अग्निशमन कर्मियों ने सीढ़ी की मदद से छत तक पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझने से डाकघर की इमारत को संभावित बड़े नुकसान से बचा लिया गया। सूखे कचरे में आग लगने की आशंका अग्निशमन विभाग की टीम के अनुसार, आग डाकघर के किसी कमरे या कार्यालय के अंदर नहीं लगी थी। छत के एक किनारे रखे सूखे कचरे के ढेर में आग लगी थी। प्रारंभिक आशंका है कि छठ पर्व के दौरान आसपास पटाखे फोड़े जा रहे थे। इसी दौरान आसमान में छोड़ा गया कोई पटाखा छत पर रखे सूखे कचरे पर गिरा होगा, जिससे आग लगी। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। डीडीसी और एसडीओ ने लिया जायजा आग की सूचना मिलते ही डीडीसी अमिताभ सिंह, सदर एसडीओ आशुतोष गुप्ता और एसडीपीओ सदर-1 प्रांजल समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और लोगों को बताया कि डाकघर के अंदर किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। आग बुझने के बाद फिर शुरू हुआ अर्घ्य अधिकारियों ने घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं को आश्वस्त किया और उन्हें अर्घ्य देने के लिए घाट की ओर रवाना किया। अग्निशमन विभाग की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। घटना के बावजूद छठ पूजा का आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *