![]()
औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के शिवगंज में रविवार देर शाम बिजली का काम करने के दौरान करंट लगने से 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान शिवगंज निवासी हरी यादव के पुत्र मंटू कुमार के रूप में हुई है। वह एक होटल में काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, मंटू कुमार रविवार की देर शाम अपने घर पर ही मौजूद था। इसी दौरान वह घर में बिजली से संबंधित कुछ काम कर रहा था। काम करने के क्रम में अचानक वह बिजली के तेज करंट की चपेट में आ गया। करंट का झटका लगते ही वह जमीन पर गिरकर अचेत हो गया। अचानक हुई इस घटना से घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन लेकर पहुंचे सदर अस्पताल, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया मंटू को जमीन पर गिरा देखकर परिजन घबरा गए। उन्होंने आनन-फानन में उसे संभाला और इलाज के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों द्वारा मौत की पुष्टि किए जाने के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। अस्पताल परिसर में ही परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया जाता है कि परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही मंटू के शव को अपने साथ घर लेकर चले गए। घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोग भी शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। मेहनत-मजदूरी कर चलाता था परिवार, आर्थिक संकट गहराया स्थानीय जानकारी के अनुसार, मंटू कुमार बेहद गरीब परिवार से था। वह एक होटल में कर्मी के रूप में काम करता था और मेहनत-मजदूरी से परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी कमाई से ही घर का खर्च चलता था। ऐसे में अचानक उसकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। परिजनों के लिए यह हादसा किसी बड़े सदमे से कम नहीं है। जिस युवक के सहारे परिवार की रोजमर्रा की जरूरतें पूरी हो रही थीं, उसकी असमय मौत से परिवार बेसहारा हो गया है। घटना के बाद शिवगंज गांव में मातम पसरा हुआ है।
Source link
औरंगाबाद में करंट लगने से होटल कर्मी की मौत:घर में बिजली ठीक करने के दौरान हादसा, परिवार का था इकलौता सहारा
