![]()
बिहार की ऐतिहासिक सूर्य नगरी देव में कार्तिक छठ महापर्व पर आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य अर्पित करने के लिए करीब 5 लाख श्रद्धालु देव पहुंचे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से पूरा देव धाम भक्तिमय हो गया। ऐतिहासिक सूर्य मंदिर परिसर से लेकर सूर्यकुंड तालाब तक हर तरफ व्रती और श्रद्धालु नजर आए। बिहार के अलग-अलग जिलों के अलावा दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचे। रविवार शाम अर्घ्य का समय नजदीक आते ही सूर्यकुंड तालाब के चारों ओर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती चली गई। पारंपरिक सूप, डाला, फल और प्रसाद लेकर पहुंचे व्रतियों ने भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। छठी मइया के गीतों और सूर्यदेव के जयकारों से पूरा वातावरण गूंजता रहा। सूर्यकुंड में डुबकी लगाकर भगवान भास्कर को दिया अर्घ्य अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए करीब पांच लाख श्रद्धालु सूर्यकुंड तालाब पहुंचे। यहां व्रतियों और श्रद्धालुओं ने पवित्र जल में स्नान कर भगवान भास्कर की आराधना की और अर्घ्य अर्पित किया। सूर्यकुंड के चारों ओर आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। कई श्रद्धालु परिवार के साथ पूजा-अर्चना करते नजर आए। देव में छठ व्रत करने की विशेष धार्मिक मान्यता है। मान्यता है कि यहां छठ करने से श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। विशेष रूप से पुत्र प्राप्ति और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना लेकर बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं। यही वजह है कि हर साल कार्तिक छठ के अवसर पर देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु देव आते हैं। इस बार भी लाखों की भीड़ ने देव की धार्मिक और ऐतिहासिक महत्ता को एक बार फिर प्रदर्शित किया। चैन स्नैचिंग रोकने के लिए सादे लिबास में भी पुलिस तैनात श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए थे। मेला क्षेत्र के सभी प्रवेश द्वारों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सूर्य मंदिर और सूर्यकुंड तालाब परिसर में पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों को भी लगाया गया था। चैन स्नैचिंग और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए मंदिर परिसर में सादे लिबास में पुलिस जवान तैनात रहे। कंट्रोल रूम से पूरे मेला क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस पदाधिकारी लगातार सक्रिय रहे। डीएम अभिलाषा शर्मा और एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा स्वयं देव पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। डीएम बोलीं-श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने कहा कि छठ महापर्व को लेकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु देव पहुंचे हैं। सभी आस्था और उल्लास के साथ पर्व मना रहे हैं। प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसी को परेशानी नहीं हो। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए टेंट सिटी, मेडिकल कैंप और नि:शुल्क वाहन सेवा उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा 10 स्थानों पर जरूरी सुविधाओं से जुड़े स्थल बनाए गए हैं। वहीं, एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा ने बताया कि मेला के सभी प्रवेश द्वारों पर मजिस्ट्रेट और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। सूर्य मंदिर और सूर्यकुंड में भी पर्याप्त पुलिस बल लगाया गया है। चैन स्नैचिंग जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सादे लिबास में पुलिसकर्मी निगरानी कर रहे हैं। सभी पदाधिकारी और कर्मी पूरी मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। अब तक किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन की सतर्कता और श्रद्धालुओं की आस्था के बीच देव में छठ का पहला अर्घ्य शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
Source link
औरंगाबाद के देव में उमड़ा 5 लाख श्रद्धालुओं का सैलाब:सूर्यकुंड में डुबकी लगाकर दिया पहला अर्घ्य; चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
