![]()
जमुई शहर के पतनेश्वर धाम स्थित किऊल नदी के खैरमा घाट पर पहली बार वाराणसी की तर्ज पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। नमामि गंगे अभियान को आगे बढ़ाने और नदी के प्रति आस्था व स्वच्छता का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। करीब 10 हजार से अधिक श्रद्धालु इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बने। पूरा घाट दीपों की रोशनी और भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। गंगा आरती को लेकर खैरमा घाट को आकर्षक लाइटिंग से सजाया गया था। किऊल नदी के दोनों किनारों पर हजारों दीपक जलाए गए, जिससे पूरा नदी तट जगमगा उठा। वहीं, कलाकारों ने रंगोली के माध्यम से भगवान राम के दरबार की भव्य आकृति बनाई, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। घाट पर सजावट और रोशनी के बीच लोगों ने इस आयोजन को कैमरों में भी कैद किया। वाराणसी और काशी से आए ब्राह्मणों ने किया मंत्रोच्चार कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण वाराणसी और काशी से आए ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ की गई गंगा आरती रही। पारंपरिक विधि-विधान से आरती शुरू होते ही पूरा वातावरण शंख ध्वनि और मंत्रों से गूंज उठा। श्रद्धालु हाथ जोड़कर आरती में शामिल हुए और नदी के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। आरती से पहले कई कलाकारों ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। इससे कार्यक्रम का माहौल और भी भक्तिमय हो गया। छठ से पहले आयोजन ने बढ़ाया धार्मिक उत्साह छठ पूजा की शुरुआत से ठीक पहले हुए इस आयोजन ने शहर में धार्मिक उत्साह को नई ऊर्जा दी। बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे घाट पर पहुंचे। भीड़ इतनी अधिक थी कि कई लोग जहां जगह मिली, वहीं से आरती में शामिल हुए। जिला प्रशासन की ओर से भी आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियां की गई थीं। डीएम नवीन कुमार, एसपी विश्वजीत दयाल सहित जिला प्रशासन की पूरी टीम मौके पर मौजूद रही। खैरमा घाट पर पहली बार हुए इस आयोजन को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखा। काशी और वाराणसी की गंगा आरती जैसा दृश्य जमुई में देखकर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। इस आयोजन ने किऊल नदी के घाट को धार्मिक पर्यटन के केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं को भी नई पहचान दी।
Source link
जमुई के खैरमा घाट पर पहली बार गंगा आरती:10 हजार से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे, किऊल नदी के दोनों किनारों पर जले हजारों दीप
