![]()
दरभंगा में छठ की तैयारी में प्रशासन लगा है। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने अधिकारियों को जिले के सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने का निर्देश दिया है। खतरनाक और गहरे पानी वाले घाटों पर बैरिकेडिंग के साथ लाल झंडे लगाए जाएंगे। ऐसे घाटों पर गोताखोरों और आपदा मित्रों की तैनाती भी की जाएगी। छठ की तैयारियों और विधि-व्यवस्था की समीक्षा को लेकर डीएम ने अपने कार्यालय कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। समाहरणालय के बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में शांति समिति के सदस्यों के साथ भी बैठक आयोजित की गई। डीएम ने बताया कि 14 नवंबर को खरना और 15 और 16 नवंबर को छठ महापर्व मनाया जाएगा। उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, बीडीओ और सीओ को अपने-अपने क्षेत्रों में तैयारियों की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया।
घाटों पर बैरिकेडिंग किए जा रहे हैं डीएम ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के सभी पोखरों, तालाबों और अन्य जलाशयों की पहचान कर छठ से पहले साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया। घाटों के आसपास जमी गंदगी और जलकुंभी हटाने के साथ श्रद्धालुओं के आवागमन के रास्ते दुरुस्त किए जाएंगे। घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर ब्लीचिंग पाउडर एवं चूना का छिड़काव कराया जाएगा। प्रमुख घाटों पर छठ व्रतियों के लिए चेंजिंग रूम और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था भी की जाएगी। जिन घाटों पर पानी अधिक गहरा है या दुर्घटना की आशंका है, उन्हें पहले से चिह्नित कर बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया गया है। खतरे वाले स्थानों पर लाल झंडे और चेतावनी के निशान लगाए जाएंगे। नदी और अन्य संवेदनशील घाटों पर गोताखोरों और आपदा मित्रों की प्रतिनियुक्ति करने को कहा गया है। पुलिस गश्ती और सीसीटीवी से होगी निगरानी वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने सभी थानाध्यक्षों को सक्रिय और सतर्क रहने का निर्देश दिया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के पोखरों और तालाबों पर पुलिस पदाधिकारियों के साथ चौकीदारों की भी सक्रियता सुनिश्चित करने को कहा। खतरनाक घाटों पर रस्सी की व्यवस्था और लगातार उद्घोषणा के माध्यम से श्रद्धालुओं को सुरक्षा संबंधी निर्देश देने का आदेश दिया गया है।
एसएसपी ने बताया कि प्रमुख घाटों और संवेदनशील स्थलों पर पुलिस पदाधिकारियों और बल की तैनाती होगी। बाइक गश्ती, क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी), नियमित गश्ती दल, दंगा पार्टी और जिला पुलिस बल के माध्यम से निगरानी की जाएगी। प्रमुख घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। साइबर सेल सोशल मीडिया पर नजर रखेगा। अफवाह, भ्रामक या आपत्तिजनक संदेश फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। शांति समिति ने दिए कई सुझाव बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने घाटों पर महिला पुलिस बल की तैनाती और सुबह चार से सात बजे तक विशेष चौकसी रखने का सुझाव दिया। इसके अलावा गहरे पानी वाले घाटों पर एनडीआरएफ की टीम और प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती, प्राथमिक उपचार के लिए फर्स्ट एड किट, चलंत शौचालय, पर्याप्त रोशनी और घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को दुरुस्त कराने की मांग की गई। सदस्यों ने बिजली के लटके तारों को ठीक कराने, ग्रामीण घाटों की सफाई और डीएमसीएच में चिकित्सकों को अलर्ट रखने का भी सुझाव दिया।
महापौर अंजुम आरा ने बताया कि नगर निगम की ओर से घाटों की साफ-सफाई और स्वच्छता का काम कराया जा रहा है।
बैठक में ये रहे मौजूद बैठक में उप विकास आयुक्त स्वप्निल, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन सलीम अख्तर, सदर एसडीओ कुमार गौरव, एसडीपीओ राजीव कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी, उप महापौर नाजिया हसन सहित अन्य अधिकारी और शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।
Source link
घाटों पर लाल झंडे से होगी खतरनाक जगहों की पहचान:गहरे पानी में होगी बैरिकेडिंग, गोताखोर-आपदा मित्र रहेंगे तैनात, डीएम ने दिए निर्देश
