![]()
औरंगाबाद के देव में 13 नवंबर से शुरू हो रहे छठ मेले के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं के ठहरने, सुरक्षा और आने-जाने की व्यवस्था की जा रही है। श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए कई जगह इंतजाम किए गए हैं। देव थाना के पास जिला प्रशासन टेंट सिटी बना रहा है। ठहरने की सभी जगहों पर रोशनी, शौचालय, पीने के पानी और चापाकल की व्यवस्था की जा रही है। मेले में आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस, दवाइयां और चिकित्सा दल तैनात रहेंगे। श्रद्धालुओं की मदद और उनकी समस्याओं के जल्द समाधान के लिए हेल्प डेस्क भी बनाया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। कुंड क्षेत्र में एसडीआरएफ और गोताखोर भी तैनात रहेंगे। आने-जाने की व्यवस्था के लिए देव मोड़ से प्रखंड कार्यालय और माले नगर से बहुआरा मोड़ तक मुफ्त यातायात सेवा मिलेगी। इससे श्रद्धालु मेला क्षेत्र तक आ-जा सकेंगे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियां निभाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल देने की कोशिश की जा रही है।
Source link
देव छठ मेले के लिए प्रशासन ने शुरू कीं तैयारियां:13 नवंबर से होगा शुभारंभ; श्रद्धालुओं की व्यवस्था पर जोर
