![]()
दरभंगा में संदिग्ध हालत में विवाहिता की मौत हो गई। फंदे से लटका हुआ शव मिला है। मृतका की पहचान रहमगंज निवासी मो. मंसूर की पुत्री जन्नत परवीन(19) के रूप में हुई है। एक साल पहले खाजासराय में मो. ईरान से शादी हुई थी। घटना लहेरियासराय थाना क्षेत्र के खाजासराय कब्रिस्तान के पास की है। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के चाचा मो. एहसान ने बताया कि शादी के बाद से ही भतीजी पर दहेज के लिए दबाव बनाया जाता था। हर महीने उसे अपने मायके से 20 से 30 हजार रुपए लाने को कहा जाता था। लगातार तीन महीने तक 20-20 हजार ससुराल वालों को दिए, इसके बावजूद प्रताड़ना बंद नहीं हुई। ‘मारकर फंदे पर लटका दिया’ चाचा ने आरोप लगाया कि गुरुवार को भतीजी के ससुराल फोन करके बताया गया कि जन्नत ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर रखा है। जब मौके पर पहुंचा तो दरवाजा खुला था। डेड बॉडी घर के अंदर पड़ा हुआ था। गले पर गंभीर चोट के निशान थे, आशंका है कि पहले उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। ‘मौत के बाद समझौता का प्रस्ताव दिया’ मो. एहसान ने यह भी आरोप लगाया कि मृतका का ससुर अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त है। जन्नत पर भी इसमें सहयोग करने का दबाव बनाता था। इनकार करने पर उसे और अधिक प्रताड़ित किया जाने लगा। घटना के बाद ससुराल पक्ष समझौते का प्रस्ताव लेकर आया और मुआवजा देने की बात कही, लेकिन परिवार ने इसे ठुकराते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। जन्नत का पति दिल्ली में मजदूरी करता है। छानबीन में जुटी पुलिस वहीं, लहेरियासराय थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, FSL साक्ष्यों और परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है। सभी आरोपों की निष्पक्ष पड़ताल की जा रही है।
Source link
दरभंगा- फंदे से लटकी मिली विवाहिता की लाश:ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या का आरोप; चाचा बोले- हर महीने पैसे की डिमांड करते थे
