![]()
भागलपुर में मिर्जाचौकी-मुंगेर फोरलेन पर पुलिस ने 300 ग्राम स्मैक के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। रसलपुर थाना पुलिस ने वाहन जांच के दौरान एक कार से यह स्मैक बरामद की। पुलिस ने इसे व्यावसायिक स्तर की स्मैक बताया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस को देखते ही तस्कर कार मोड़कर भागने लगे थे, लेकिन पीछा कर उन्हें दबोच लिया गया। गुप्त सूचना के बाद सिटी एसपी की निगरानी में बनाई स्पेशल टीम पुलिस को 28 सितंबर की सुबह गुप्त सूचना मिली थी कि मिर्जाचौकी की ओर से एक कार में अवैध मादक पदार्थ लेकर तस्कर रसलपुर थाना क्षेत्र में आने वाले हैं। इसके बाद पुलिस अधीक्षक नगर की निगरानी में एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने मिर्जाचौकी स्थित मुंगेर फोरलेन पर एकचारी से करीब 200 मीटर आगे घोघा की ओर वाहन जांच शुरू की थी। पुलिस को देखते ही कार मोड़ी, फिर शुरू हुआ पीछा बताया जाता है कि वाहन जांच के दौरान मिर्जाचौकी की तरफ से एक चार पहिया वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस टीम को सड़क पर जांच करते देख चालक ने अचानक कार मोड़ दी और विपरीत दिशा में भागने का प्रयास किया। पुलिस को शक हुआ तो टीम ने तत्काल वाहन का पीछा शुरू कर दिया। सशस्त्र बल के सहयोग से पुलिस ने करीब 300 मीटर दूर तक पीछा कर घेराबंदी की और कार को रोक लिया। वाहन की तलाशी ली गई तो पुलिस के हाथ करीब 300 ग्राम स्मैक लगी। इसके बाद कार में सवार चारों लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। चारों आरोपी अलीगंज-बबरगंज इलाके के रहने वाले हैं पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमरजीत कुमार, उत्तम कुमार ठाकुर, विक्की कुमार और छोटू कुमार के रूप में की है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी भागलपुर के अलीगंज-बबरगंज क्षेत्र से संबंधित हैं।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्मैक के अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक चार पहिया कार और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन को जांच के लिए खंगाला जा रहा है। मोबाइल खोलेगा खरीद-बिक्री के नेटवर्क का राज पुलिस की कार्रवाई अब केवल गिरफ्तारी और बरामदगी तक सीमित नहीं है। जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में स्मैक आरोपियों तक कहां से पहुंची और इसे भागलपुर के किन इलाकों में खपाने की तैयारी थी। पुलिस मोबाइल फोन में मौजूद कॉल डिटेल, संपर्क नंबर और अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर रही है। इसके आधार पर स्मैक की सप्लाई करने वाले और खरीदने वाले लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। साथ ही आरोपियों के संभावित आपराधिक इतिहास और वित्तीय लेनदेन की भी जांच की जा रही है। एसएसपी ने कहा- नशे के नेटवर्क पर जारी रहेगा शिकंजा वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि भागलपुर पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार विशेष चेकिंग और कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत मिली गुप्त सूचना पर रसलपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया और 300 ग्राम स्मैक बरामद की। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस टीम को मिलेगा इनाम कार्रवाई में शामिल पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के कार्य की सराहना करते हुए पुलिस टीम और थानाध्यक्ष को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई और अनुसंधान जारी है।
Source link
मिर्जाचौकी फोरलेन पर 300 ग्राम स्मैक संग 4 तस्कर गिरफ्तार:पुलिस को देख भागने की कोशिश, 300 मीटर दूर दौड़ाकर पकड़ा
