कटिहार में भास्कर महोत्सव-2026 में सोमवार को जिले के मखाने से तैयार ‘मखाना ठेकुआ’ का विमोचन किया गया। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने छठ के मौके पर इस नए उत्पाद को लॉन्च किया।
.
इसमें छठ पर बनने वाले पारंपरिक ठेकुआ में कटिहार के मखाने का इस्तेमाल किया गया है। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय किसानों के मखाने को नया बाजार और बेहतर कीमत दिलाना है।
यह उत्पाद जटा FPO समूह के सुमित सहगल ने तैयार किया है। इसमें पारंपरिक ठेकुआ के साथ कटिहार के मखाने को मिलाकर नया खाद्य उत्पाद बनाया गया है। इसके जरिए स्थानीय मखाने को एक अलग पहचान देने की कोशिश की गई है।

बीएमपी घाट पर बिक्री की व्यवस्था
जिला प्रशासन ने बीएमपी घाट के मुख्य द्वार पर उत्पाद के प्रचार और बिक्री के लिए जगह उपलब्ध कराई है। यहां छठ पूजा के लिए आने वाले श्रद्धालु मखाना ठेकुआ देख और खरीद सकेंगे। इससे उत्पाद को सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का मौका मिलेगा।
किसानों की आय बढ़ाने पर जोर
इस पहल का मुख्य उद्देश्य मखाना उत्पादक किसानों की उपज का मूल्य बढ़ाना और उनकी आमदनी में इजाफा करना है। मखाने से अलग-अलग खाद्य उत्पाद तैयार करने पर स्थानीय कारोबार और रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं।
देश-विदेश तक पहुंचेगा कटिहार का मखाना
कटिहार मखाना उत्पादन के लिए जाना जाता है। प्रशासन की कोशिश है कि मखाने से बने उत्पादों की बेहतर पैकेजिंग और मार्केटिंग के जरिए इसे देश और विदेश के उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाए। इससे कटिहार के मखाने की ब्रांडिंग को भी बढ़ावा मिल सकता है।

किसानों की पहचान को मिलेगी नई पहचान
डीएम आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि यह केवल नए उत्पाद का विमोचन नहीं, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने और कटिहार की विशिष्ट पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने का प्रयास है।
इस अवसर पर सदर एसडीएम डॉ. सूरज कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी अभिषेक रंजन, जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी रीना गुप्ता और उप परियोजना निदेशक शशिकांत झा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
