![]()
सुपौल के राघोपुर थाना क्षेत्र के सायत लक्ष्मीपुर वार्ड नंबर-1 में सोमवार शाम राशन के बकाया अनाज को लेकर हुए विवाद के बाद जनवितरण प्रणाली (PDS) विक्रेता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव के 55 वर्षीय कुशेश्वर पासवान के रूप में हुई है। घटना शाम करीब 5:30 बजे की है। बहस के दौरान अचानक बेहोश होकर गिरे कुशेश्वर को परिजन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दो महीने के राशन बकाया को लेकर हुई बहस मृतक के पुत्र रुपेश पासवान के अनुसार, उनके पिता गांव में जनवितरण प्रणाली की दुकान चलाते थे। वार्ड नंबर-2 के निवासी हरिशंकर खिरहरी पिछले कुछ महीनों से उनकी दुकान से राशन ले रहे थे। सोमवार शाम कुशेश्वर पासवान घर के सामने एनएच-106 किनारे एक किराना दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान हरिशंकर वहां पहुंचे और दो महीने का अनाज बकाया होने की बात कही। पॉस मशीन की पर्ची दिखाने पर अड़े थे डीलर रुपेश के मुताबिक, उनके पिता ने कहा कि लाभुक जब पॉस मशीन पर अंगूठा लगाकर पर्ची प्राप्त करते हैं तो उसी समय उन्हें पूरा अनाज दे दिया जाता है। यदि किसी महीने का राशन बकाया है तो उसकी पर्ची दिखानी होगी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ी और हाथापाई की स्थिति बन गई। बहस के दौरान अचानक जमीन पर गिर पड़े परिजनों के अनुसार, विवाद के दौरान ही कुशेश्वर पासवान अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। उन्हें आनन-फानन में राघोपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. दीपक गुप्ता ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में परिजनों ने किया हंगामा कुशेश्वर की मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में हंगामा किया। सूचना मिलने पर राघोपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों को समझाकर शांत कराया। पोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण चिकित्सक डॉ. दीपक गुप्ता ने बताया कि व्यक्ति को अस्पताल मृत अवस्था में लाया गया था। आवश्यक जांच और प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। राघोपुर थानाध्यक्ष ने शाम करीब 6:40 बजे बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मौत के कारणों का खुलासा जांच के बाद ही होगा।
Source link
सुपौल में PDS डीलर की संदिग्ध मौत:राशन के बकाया अनाज को लेकर विवाद, राघोपुर में बहस के बाद बेहोश होकर गिरे
