पटना6 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

नमस्कार,
4 दिनों तक चलने वाला महापर्व छठ आज संपन्न हो गया। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने पारण किया और 36 घंटे का निर्जला उपवास को तोड़ा। इधर, मोकामा विधायक अनंत सिंह अपनी छोटी बेटी शिवांगी की शाही शादी कर रहे हैं। ताजमहल की तर्ज पर पंडाल बनाए जा रहे हैं। 6 हेलीपैड बनाए गए हैं। साथ ही मेहमानों के लिए 150 तरह के व्यंजन की तैयारी की जा रही है। किशनगंज में प्रेमी ने गर्भवती प्रेमिका की हत्या के उसे दफना दिया।
चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, बिहार दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1.उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व संपन्न
महापर्व छठ के चौथे और आखिरी दिन आज उगते सूर्य की उपासना हुई। उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया गया। बिहार में सबसे पहले 5:57 बजे किशनगंज में सूर्योदय हुआ। अर्घ्य देने के साथ ही 36 घंटे का निर्जला उपवास खत्म हो गया। बिहार के करीब डेढ़ करोड़ घरों में छठ पूजा हुई। सुबह 4 बजे से ही प्रदेश के 10 हजार से ज्यादा घाटों पर भीड़ उमड़ने लगी। पूरी खबर पढ़ें

2. छठ पूजा विवाद, पीके ने राज ठाकरे को बताया ‘लंपट’ मुंबई में छठ पूजा को लेकर शुरू हुआ राजनीतिक विवाद अब बिहार और महाराष्ट्र की सियासत तक पहुंच गया है। मनसे प्रमुख राज ठाकरे की छठ पूजा को लेकर की गई टिप्पणी के बाद राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने उनकी तुलना ‘बरसाती मेंढक’ से की। वहीं, जन सुराज प्रमुख और बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर (पीके) ने इस मुद्दे को लेकर मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए कहा, ‘आप लोगों को ऐसे ‘लंपट’ लोगों को कोई अहमियत या मंच नहीं देना चाहिए।’ पूरी खबर पढ़ें

3. अर्घ्य से पहले 3 बच्चे डूबे; एक का शव मिला
‘कोई हमर सूरजा के खोज दे, मेरा बाबू नहीं मिल रहा है। घर में छठ है, दउरा भी सजा हुआ है। हमर बबुआ डूब गईल। कोई नहीं खोज रहले है का…’ ये बातें रोते-रोते सूरज (15) की मां प्रिया ने कही। जिनका बेटा रविवार को छठ के पहले अर्घ्य से पहले डूब गया। सूरज के साथ यश राज (14) और आदित्य कुमार (16) भी डूब गए थे। सोमवार सुबह दोबारा शुरू हुए रेस्क्यू ऑपरेशन में आदित्य कुमार का शव मिला है, जबकि यश और सूरज की तलाश जारी है।तीनों दोस्त पुनपुन नदी में नहा रहे थे। पूरी खबर पढ़ें

4. सीएम सम्राट चौधरी का जन्मदिन आज, पीएम ने दी बधाई
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज 58 साल के हो गए हैं। उनके जन्मदिन पर संयोगवश छठ महापर्व का अंतिम दिन भी है। मुख्यमंत्री सम्राट ने आज मुंगेर के तारापुर में सबसे पहले उगते सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना की। सीएम सम्राट के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की है। पूरी खबर पढ़ें
5.स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दो दोस्तों को मारी टक्कर
बेतिया के मझौलिया में रविवार देर शाम एक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दो दोस्तों को ऐसी टक्कर मारी कि इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। हादसे में बच्चों और बुजुर्गों समेत सात अन्य लोग भी घायल हो गए। मृतकों की पहचान बेतिया नगर थाना क्षेत्र के द्वार देवी चौक निवासी मोहम्मद ओसामा और मोहम्मद खालिद उर्फ सोनू (दोनों करीब 26 वर्ष) के रूप में हुई है। पूरी खबर पढ़ें
6. छठ घाट से लौटने के बाद युवक की हत्या
मोतिहारी में छठ घाट से लौटते ही एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह करीब 7 बजे आरोपी ने मृतक को घर के बाहर बुलाया और चाकू से हमला कर दिया। हत्या के बाद गुस्साए मृतक के परिजनों ने आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद उसकी जमकर पिटाई कर दी। पिटाई में आरोपी के सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। गंभीर हालत को देखते हुए आरोपी को पुलिस ने सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया है। मृतक की पहचान चन्द्रकिशोर यादव (35) के रूप में हुई है। वहीं, आरोपी ज्वाला प्रसाद (30) है। घटना सुगौली थाना क्षेत्र के करमवा वार्ड नंबर 4 की है। पूरी खबर पढ़ें

घटना के बाद जुटी लोगों की भीड़।
7. किशनगंज में प्रेग्नेंट प्रेमिका की हत्या के बाद लाश दफनाई
किशनगंज में 2 दिन से लापत लड़की की लाश मिली है। लाश जमीन में दफन थी, उसका पैर बाहर निकला हुआ था। लड़की की पहचान 23 साल की मुस्कान के रूप में हुई है। मुस्कान के घर वालों का कहना है कि मुस्कान का पड़ोस के लड़के से अफेयर था। वो गर्भवती भी थी। प्रेमी ने ही मुस्कान की हत्या कर उसे दफन कर दिया। आज यानी 16 नवंबर को दोनों की शादी होने वाली थी। घटना जिले के किशनगंज जिले के पोठिया प्रखंड के पहाड़कट्टा थाना इलाके के काला सिंघिया गांव की है। पूरी खबर पढ़ें

8. अनंत की बेटी की शादी में ताजमहल जैसा पंडाल
मोकामा के विधायक अनंत कुमार सिंह की बेटी शिवांगी की शादी को भव्य बनाने के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। इस आयोजन में शाही ठाठ-बाट से लेकर देश की ऐतिहासिक इमारतों की झलक तक देखने को मिलेगी। शिवांगी की शादी में 10 बीघे का विशाल पंडाल बनाया जा रहा है। मेन पंडाल ताजमहल की तर्ज पर तैयार हो रहा है, जबकि दूसरे पंडाल को लाल किले का रूप दिया जा रहा है। शादी में करीब 4 लाख मेहमानों के आने का अनुमान है। उनके स्वागत के लिए 150 से अधिक तरह के व्यंजनों का इंतजाम किया जा रहा है। वहीं, वीआईपी मेहमानों के लिए 6 से ज्यादा हेलीपैड भी बनाए जा रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें

9. छठ घाट से लौट रहे दो दोस्तों की मौत
समस्तीपुर में सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। जिले के चकमहेसी थाना क्षेत्र के मधुरापुर टारा गांव के पास रविवार रात हादसा हुआ। दोनों छठ के मौके पर डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान चकमहेसी थाना क्षेत्र के करुआ गांव निवासी नरेश शाह के बेटे 21 साल के अर्जुन कुमार और अरुण कुमार के बेटे 25 साल के सोनू कुमार के रूप में हुई है। पूरी खबर पढ़ें

10. हल्के कोहरे के साथ दिन की होगी शुरुआत कल यानी मंगलवार को बिहार में सुबह हल्के कोहरे के साथ दिन की होगी शुरुआत, सूरज निकलते ही मौसम होगा साफ, तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच न्यूनतम तापमान 15 से 16 डिग्री और अधिकतम 28 से 29 डिग्री के बीत रहेगा

