![]()
जमुई जिले के लछुआड़ थाना क्षेत्र के बिछवे गांव में सोमवार की शाम पोखर में डूबने से एक 37 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान गांव निवासी अजय महतो की पत्नी सोभा देवी के रूप में हुई है। अजय महतो ने बताया सोमवार की शाम सोभा देवी गांव स्थित गंगटी पोखर में नहाने के लिए गई थीं। इसी दौरान पोखर में उतरते समय अचानक उनका पैर फिसल गया और वह असंतुलित होकर गहरे पानी में चली गईं। महिला को पानी में डूबता देख आसपास मौजूद बच्चों की नजर उन पर पड़ी। बच्चों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। आवाज सुनकर काफी संख्या में ग्रामीण पोखर के पास जुट गए और महिला को बचाने के लिए पानी में उतरकर खोजबीन शुरू कर दी। ग्रामीणों ने काफी देर तक पोखर में तलाश की। काफी मशक्कत के बाद सोभा देवी को गहरे पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। महिला का शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बताया जाता है कि सोभा देवी को चार संतान हैं, जिनमें दो बेटे और दो बेटियां शामिल हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। उनके पति अजय महतो चिमनी पर गाड़ी चला कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। महिला की असामयिक मौत से परिवार के सामने दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस संबंध में लछुआड़ थानाध्यक्ष रूपेश कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जहां डॉक्टर रवि माधव के द्वारा पोस्टमार्टम किया गया घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Source link
जमुई में पोखर में डूबने से महिला की मौत:नहाते समय पैर फिसलने से गहरे पानी में गईं: ग्रामीणों ने शव बाहर निकाला
