Headlines

पिता बोले-'बेटे की कमाई से ही घर चलता था':बेतिया सड़क हादसे ने ली ओसामा की जान, अगले महीने थी बहन की शादी




ओसामा के पिता उसे याद करते हुए रो पड़े, थोड़ा रुककर बोले- मैं पहले चायपत्ती का कारोबार करता था, लेकिन लकवा मारने के बाद मजबूरन काम छोड़ना पड़ा। इसके बाद ओसामा ने पूरे परिवार की जिम्मेदारी संभाल ली। वह होम ट्यूशन पढ़ाकर 4 बहनों और 4 भाइयों समेत 11 सदस्यों के परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी कमाई से ही घर का खर्च चलता था। ये कहना है बेतिया के मझौलिया सड़क हादसे में जान गंवाने वाले ओसामा के पिता नेयाज अहमद का… बेतिया के मझौलिया में रविवार देर शाम एक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दो दोस्तों को ऐसी टक्कर मारी कि इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। हादसे में बच्चों और बुजुर्गों समेत सात अन्य लोग भी घायल हो गए। मृतकों की पहचान बेतिया नगर थाना क्षेत्र के द्वार देवी चौक निवासी मोहम्मद ओसामा और मोहम्मद खालिद उर्फ सोनू (दोनों करीब 26 वर्ष) के रूप में हुई है। इनमें ओसामा की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पिता को लकवा मारने के बाद घर की जिम्मेदारी उनके कंधों पर थी। पांच भाइयों में सबसे बड़े ओसामा होम ट्यूशन पढ़ाकर 11 सदस्यों के परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। अब उनके जाने से परिवार के सामने न सिर्फ अपनों को खोने का दुख है, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी चलाने का संकट भी खड़ा हो गया है। पहले देखें, हादसे की तस्वीरें… होम ट्यूशन से 11 सदस्यों का पाल रहे थे पेट ओसामा के पिता नेयाज अहमद पहले चायपत्ती का कारोबार करते थे। लेकिन लकवा मारने के बाद उन्हें काम छोड़ना पड़ा। इसके बाद परिवार की जिम्मेदारी ओसामा ने संभाल ली। परिवार में माता-पिता के अलावा पांच भाई और चार बहनें हैं। भाई-बहनों में सबसे बड़े होने के कारण ओसामा घर की आर्थिक जरूरतें पूरी करते थे। इसके लिए वह बच्चों को होम ट्यूशन पढ़ाते थे। इससे होने वाली आमदनी से पूरे परिवार का खर्च चलता था। छह महीने पहले हुई थी ओसामा की शादी ओसामा की शादी करीब छह महीने पहले किशुनबाग में हुई थी। परिवार में नई खुशियां आई थीं और जिंदगी को लेकर कई सपने थे। लेकिन रविवार को हुए हादसे ने सबकुछ बदल दिया। जिस बेटे के सहारे पूरा परिवार चल रहा था, उसकी अचानक मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दिसंबर में होनी थी बहन की शादी परिवार में अगले महीने यानी दिसंबर में ओसामा की बहन की शादी होनी थी। शादी की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं। घर में जहां कुछ दिनों बाद शहनाई बजने वाली थी, वहां अब मातम पसरा है। जिस भाई के कंधों पर बहन की शादी की जिम्मेदारी थी, वही अब इस दुनिया में नहीं रहा। हादसे ने परिवार की खुशियों को गहरे सदमे में बदल दिया है। रिश्तेदार के घर से लौटते वक्त हुआ हादसा स्थानीय लोगों के मुताबिक, ओसामा और खालिद सुगौली में एक रिश्तेदार के घर गए थे। वहां से बाइक से बेतिया लौट रहे थे। इसी दौरान मझौलिया के लाल सरैया चौक के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए जीएमसीएच पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। हादसे में सात लोग घायल, चार पटना रेफर हादसे में लाल सरैया निवासी अशोक चौधरी (48), लचीना चौधरी (41), आराध्या कुमारी (12), अनमोल चौधरी (7) और विनोद चंद्र सिंह (60) समेत सात लोग घायल हुए हैं। इनमें चार की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है, जबकि तीन की हालत सामान्य बताई गई है। घायलों में एक ही परिवार के चार सदस्य भी शामिल हैं। स्कॉर्पियो चालक हिरासत में, जांच जारी घटना के बाद सदर-1 एसडीपीओ अजीत कुमार जीएमसीएच पहुंचे। उन्होंने बताया कि हादसे में घायल सभी लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान दो युवकों की मौत हो गई। अन्य चार घायलों को गंभीर स्थिति में पटना रेफर किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से स्कॉर्पियो और उसके चालक को हिरासत में लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। शराब के नशे में था स्कॉर्पियो चालक पुलिस जांच में इस बात की पुष्टि हुई है कि हादसे के वक्त स्कॉर्पियो चालक शराब के नशे में था। तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने की वजह से हुए इस हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। दोनों मृतकों का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। ओसामा की मौत से परिवार का सहारा छिन गया है। एक तरफ बेटे और भाई को खोने का गम है, तो दूसरी तरफ बीमार पिता, छोटे भाई-बहनों की जिम्मेदारी और अगले महीने होने वाली बहन की शादी की चिंता है। जिस घर में शहनाई बजने की तैयारी थी, वहां अब मातम पसरा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *