गोपालगंज सदर अस्पताल में दो मरीजों की मौत के बाद परिजनों द्वारा की गई तोड़फोड़ की घटना की जांच शुरू हो गई है।
.
जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है। समिति ने सदर अस्पताल पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और CCTV फुटेज के साथ इलाज से जुड़े दस्तावेजों की जांच की।
जांच समिति में उप विकास आयुक्त गौरव कुमार, सिविल सर्जन मो. इसराईल और अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. प्रेरणा सिंह को शामिल किया गया है। समिति को घटना के वास्तविक कारणों और जिम्मेदारियों का पता लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

CCTV फुटेज और उपचार पंजियों की जांच
जांच टीम ने अस्पताल परिसर में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके अलावा उपचार पंजियों और घटना से जुड़े अन्य अभिलेखों की भी पड़ताल की गई। अधिकारियों ने यह जानने की कोशिश की कि मरीजों के इलाज के दौरान क्या परिस्थितियां बनी थीं और तोड़फोड़ की घटना किन वजहों से हुई।

रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
समिति के सदस्यों ने बताया कि जांच पूरी कर निर्धारित समय सीमा के भीतर विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी। जांच प्रतिवेदन के आधार पर आगे की प्रशासनिक कार्रवाई तय होगी।
घटना के बाद अस्पताल की व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बढ़ाई गई है।
