![]()
मुंगेर जिले के तारापुर पेट्रोल पंप चौक के पास मंगलवार सुबह सड़क हादसे में काम की तलाश में खड़े 50 वर्षीय मजदूर दशरथ सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। वह रोज की तरह मजदूरी की तलाश में घर से निकले थे। इसी दौरान सुबह करीब 10:30 बजे एक अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर, दोनों पैरों और हाथों में गंभीर चोटें आई हैं। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। घायल दशरथ सिंह नगर पंचायत तारापुर के वार्ड नंबर 5 स्थित बंशीपुर के रहने वाले हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें तारापुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया। मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे उन्हें भागलपुर के मायागंज अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। लोगों ने बाइक सवार को पकड़ा, घायल को उठाते समय भागा प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बाइक सवार को पकड़ लिया था। हालांकि, जब घायल दशरथ सिंह को उठाकर अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की जाने लगी, तभी बाइक सवार मौका देखकर फरार हो गया। इसके बाद से उसकी पहचान नहीं हो सकी है। काम की तलाश में चौक पर खड़े थे दशरथ घायल के बेटे जितेंद्र कुमार ने बताया कि उनके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मंगलवार सुबह भी वे काम की तलाश में तारापुर पेट्रोल पंप चौक के पास खड़े थे। इसी दौरान अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। बेटे के मुताबिक, लोगों ने बाइक सवार को पकड़ लिया था, लेकिन पिता को उठाने के दौरान वह भाग निकला। मजदूरी से चलता है परिवार, इलाज को लेकर चिंतित परिजन दशरथ सिंह की कमाई से ही परिवार का भरण-पोषण होता है। उनके गंभीर रूप से घायल होने से परिवार के सामने चिंता की स्थिति पैदा हो गई है। परिजन मायागंज अस्पताल में उनके इलाज को लेकर परेशान हैं। वहीं, हादसे के बाद फरार बाइक सवार की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
Source link
मुंगेर में मजदूर को बाइक ने मारी टक्कर:तारापुर अस्पताल से मायागंज किया रेफर, भागलपुर में चल रहा इलाज
