![]()
राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय सेना ने राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश देने के लिए विशेष माइक्रोलाइट फ्लाइंग अभियान शुरू किया है। सोमवार को गया स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (OTA) से ‘वंदे मातरम 150 राष्ट्रीय एकता उड़ान’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। गया से बेंगलुरु तक चलने वाले इस अभियान में सेना की टीम 4,424 किलोमीटर की हवाई दूरी तय करेगी और 35 प्रमुख गंतव्यों से गुजरेगी। आर्मी एडवेंचर विंग और आर्मी सर्विस कोर के तत्वावधान में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य देश के अलग-अलग हिस्सों तक राष्ट्रीय एकता, अखंडता, साहस और राष्ट्रप्रेम का संदेश पहुंचाना है। माइक्रोलाइट विमानों से होने वाली यह यात्रा सेना के हवाई कौशल और साहसिक गतिविधियों का भी प्रदर्शन करेगी। मेजर जनरल संदीप सिन्हा ने दिखाई हरी झंडी OTA गया में आयोजित समारोह में सेना के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में अभियान की शुरुआत हुई। लेफ्टिनेंट जनरल संदीप सिंह, एवीएसएम के नेतृत्व में जा रहे दल को मुख्यालय पूर्वी कमान के मेजर जनरल संदीप सिन्हा, एमजी एएससी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। गया से शुरू हुई यह उड़ान अयोध्या, लखनऊ, झांसी, महू, भुज, पोरबंदर, दमन, गोवा, शिरडी और हासन सहित देश के 35 गंतव्यों से गुजरेगी। अभियान का समापन बेंगलुरु में 12वें आर्मी सर्विस कोर पुनर्मिलन समारोह के साथ होगा। ‘फ्लाइंग रैबिट्स’ के नाम पांच एशियाई रिकॉर्ड अभियान की कमान अनुभवी माइक्रोलाइट पायलट कर्नल राहुल मनकोटिया संभाल रहे हैं। उनकी टीम ‘फ्लाइंग रैबिट्स’ के नाम पांच एशियाई, 10 राष्ट्रीय और छह लिम्का बुक रिकॉर्ड दर्ज हैं। टीम के पायलट अपने अनुभव और हवाई कौशल के दम पर इस लंबी यात्रा को पूरा करेंगे। सेना का यह अभियान केवल हवाई यात्रा तक सीमित नहीं है। इसके जरिए देश के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को वंदे मातरम के 150 वर्षों के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रीय एकता के महत्व से जोड़ने की कोशिश की जाएगी। 1999 में गया में स्थापित हुआ था माइक्रोलाइट केंद्र गया स्थित आर्मी एयरो नोडल सेंटर भारतीय सेना के प्रमुख साहसिक प्रशिक्षण केंद्रों में शामिल है। इसकी स्थापना वर्ष 1999 में मेजर जनरल संदीप सिन्हा ने की थी। यहां रक्षा बलों के कर्मियों को माइक्रोलाइट विमान उड़ाने का प्रशिक्षण दिया जाता है। इस केंद्र में प्रशिक्षण के दौरान सैन्यकर्मी उड़ान कौशल के साथ अनुशासन, साहस और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से निपटने का अनुभव भी हासिल करते हैं। समय के साथ यह केंद्र सेना की साहसिक गतिविधियों के महत्वपूर्ण ठिकानों में शामिल हो गया है। सैनिकों में नेतृत्व और निर्णय क्षमता बढ़ाती हैं ऐसी गतिविधियां सेना के प्रशिक्षण में माइक्रोलाइट फ्लाइंग जैसी साहसिक गतिविधियों का विशेष महत्व है। इनके जरिए सैनिकों की शारीरिक क्षमता, सहनशक्ति, आत्मविश्वास और मानसिक दृढ़ता को मजबूत किया जाता है। साथ ही टीम वर्क, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और विपरीत परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने का अभ्यास भी होता है। गया से शुरू हुआ यह अभियान भारतीय सेना की तकनीकी दक्षता और साहसिक कौशल के साथ राष्ट्रीय एकता के संदेश को भी सामने लाएगा। 4,424 किलोमीटर की यह उड़ान 35 गंतव्यों से गुजरते हुए बेंगलुरु में पूरी होगी।
Source link
सेना की टीम गया से बेंगलुरु तक उड़ान भरेगी:वंदे मातरम के 150 वर्ष पर 35 जगहों से गुजरेगा 4424 KM का माइक्रोलाइट अभियान
