![]()
समस्तीपुर रेलवे के मेडिकल विभाग में कार्यरत विनय कुमार पिछले तीन सालों से लगातार दंडवत प्रणाम करते हुए छठ घाट पहुंच रहे हैं। उन्होंने बेटी की कामना को लेकर छठी मैया से मन्नत मांगी थी। जून 2023 में बेटी का जन्म हुआ तो उन्होंने अपना संकल्प पूरा करना शुरू कर दिया। अब हर साल छठ के मौके पर करीब तीन किलोमीटर की दूरी दंडवत प्रणाम करते हुए तय करते हैं। इस कठिन यात्रा में उन्हें करीब छह घंटे लगते हैं। उनकी पत्नी भी हर कदम पर उनके साथ रहती हैं। दो पीढ़ियों से परिवार में नहीं हुआ था बेटी का जन्म विनय कुमार बताते हैं कि उनके परिवार में दो पीढ़ियों से किसी बेटी का जन्म नहीं हुआ था। उनकी न तो कोई बहन है और न ही उनके पिता की कोई बहन थीं। ऐसे में परिवार में बेटी की किलकारी सुनने की इच्छा उनके मन में थी। करीब छह साल पहले शादी के बाद उन्होंने शहर के बूढ़ी गंडक नदी घाट पर छठी मैया से बेटी होने की मन्नत मांगी थी। उन्होंने संकल्प लिया था कि अगर उनके घर बेटी का जन्म हुआ तो वह दंडवत प्रणाम करते हुए घर से छठ घाट तक पहुंचेंगे। जून 2023 में उनकी यह इच्छा पूरी हुई और घर में बेटी ने जन्म लिया। इसके बाद परिवार में खुशियों का माहौल छा गया। विनय ने भी छठी मैया के प्रति आभार जताने के लिए अपनी मन्नत पूरी करने का सिलसिला शुरू कर दिया। दोपहर 11 बजे घर से निकले, शाम 5 बजे घाट पहुंचे रविवार को भी विनय अपने संकल्प के अनुसार पत्नी के साथ दंडवत प्रणाम करते हुए छठ घाट के लिए निकले। दोपहर करीब 11 बजे घर से शुरू हुई उनकी यात्रा शाम पांच बजे बूढ़ी गंडक नदी के घाट पर पहुंचकर पूरी हुई। करीब तीन किलोमीटर की दूरी तय करने में उन्हें छह घंटे लगे। इस दौरान वे जमीन पर दंडवत प्रणाम करते हुए धीरे-धीरे आगे बढ़ते रहे। उनकी पत्नी भी पूरी यात्रा में साथ रहीं। विनय के लिए यह केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि बेटी के जन्म की खुशी और छठी मैया के प्रति कृतज्ञता जताने का तरीका है। घाट पर पहुंचने के बाद भी उनके चेहरे पर संकल्प पूरा करने की संतुष्टि साफ दिखाई दे रही थी। छह साल तक दंडवत प्रणाम करने का लिया है संकल्प विनय बताते हैं कि उन्होंने बेटी के जन्म के बाद लगातार छह वर्षों तक दंडवत प्रणाम करते हुए छठ घाट पहुंचने का संकल्प लिया था। इस साल उनकी मन्नत का तीसरा वर्ष है। अभी उन्हें अगले तीन साल तक इसी तरह अपनी यात्रा जारी रखनी है। उन्होंने बताया कि केवल संध्या अर्घ्य ही नहीं, बल्कि सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए भी वह विशेष तैयारी करते हैं। इसके लिए रात करीब एक बजे ही घर से निकल जाते हैं, ताकि सूर्योदय से पहले घाट पहुंच सकें। बेटी की चाह में शुरू हुई यह मन्नत अब उनके परिवार के लिए छठ महापर्व की खास परंपरा बन गई है। उनकी यह कहानी बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच और माता-पिता के अटूट विश्वास का संदेश भी दे रही है।
Source link
बेटी की चाह में छठी मैया से मांगी थी मन्नत:समस्तीपुर में रेलवे में तैनात विनय 3km दंडवत प्रणाम कर घाट पहुंचे; 3 साल से कर रहे व्रत
