Headlines

दरभंगा- मखाना फैक्ट्री में नाबालिग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत:15 साल की बच्ची के गले पर मिला काला निशान, 5 महीने से कर रही थी मजदूरी




दरभंगा के बेनीपुर के बहेड़ा थाना क्षेत्र के पौरी गांव स्थित एक मखाना फैक्ट्री में शुक्रवार की सुबह 15 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। किशोरी की मौत के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतका के गले पर काला निशान मिलने से घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। पांच महीने से मखाना फैक्ट्री में मजदूरी कर रही थी मृतका की पहचान सहरसा जिले के महिषी थाना क्षेत्र के पौराडी गांव निवासी पिंटू सदा की पुत्री करीना कुमारी के रूप में हुई है। वह पिछले चार-पांच महीने से पौरी गांव निवासी मिथुन सहनी की मखाना फैक्ट्री में काम करती थी और वहीं रहती थी। परिजनों के अनुसार, मिथुन सहनी ही उसे गांव से काम करने के लिए लेकर आया था। किशोरी को प्रतिमाह आठ हजार रुपये मजदूरी मिलने की बात बताई गई है। मृतका के दादा बोले- फैक्ट्री मालिक ने दी थी मौत की सूचना मृतका के दादा इंद्रदेव सदा ने बताया कि शुक्रवार को मिथुन सहनी ने फोन कर करीना की मौत की सूचना दी। इसके बाद परिजन आनन-फानन में फैक्ट्री पहुंचे। वहां करीना का शव देखने पर उसके गले पर काला निशान दिखाई दिया। इस संबंध में जब मिथुन सहनी से पूछताछ की गई तो वह कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सका। इससे परिजनों को उसकी मौत को लेकर संदेह हुआ। मृतका की मां बोली- दिवाली पर घर ले जाना चाहती थी, मालिक ने नहीं जाने दिया वहीं, मृतका की मां प्रमिला देवी ने आरोप लगाया कि दीपावली के दौरान वह बेटी को घर ले जाने के लिए आई थीं, लेकिन फैक्ट्री संचालक ने उसे घर नहीं जाने दिया। इसके बाद शुक्रवार को बेटी की मौत की सूचना दी गई। मां का आरोप है कि पहले उन्हें सर्पदंश से मौत होने की जानकारी दी गई, जबकि मौके पर पहुंचने पर मामला संदिग्ध लगा। उन्होंने फैक्ट्री संचालक पर बेटी की हत्या किए जाने की आशंका जताई। परिजनों के अनुसार, मिथुन सहनी ने उन्हें यह भी बताया था कि करीना ने पास की बगीचे में आम के पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही फैक्ट्री संचालक शव को वहां से हटाकर फैक्ट्री परिसर में ले आया। हालांकि, घटना की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस बोली- घटना के बाद से मखाना फैक्ट्री मालिक फरार, तलाश जारी इधर, घटना की सूचना मिलने पर बहेड़ा थानाध्यक्ष पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, फैक्ट्री संचालक मिथुन सहनी फरार है। शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किशोरी की मौत हत्या, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *