Headlines

समस्तीपुर में सड़क हादसे में घायल की पटना में मौत:6 साल के मासूम को पिकअप ने मारी थी टक्कर, चार दिन तक इलाज के बाद तोड़ा दम




समस्तीपुर के चकमहेसी थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल छह वर्षीय बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई। चार दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद शनिवार रात पटना में उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान बख्तियारपुर गांव निवासी अमित कुमार के पुत्र निरंजन कुमार उर्फ अंश के रूप में हुई है। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रविवार सुबह परिजन शव लेकर गांव पहुंचे और घटना की जानकारी चकमहेसी थाने की पुलिस को दी। 10 नवंबर को पिकअप ने खेल रहे बच्चे को टक्कर मारी थी परिजनों के अनुसार, बीते 10 नवंबर को अंश अपने घर के दरवाजे के सामने खेल रहा था। इसी दौरान पूसा की ओर से कल्याणपुर जा रही एक तेज रफ्तार पिकअप बख्तियारपुर के पास अनियंत्रित हो गई और दरवाजे के समीप खेल रहे बच्चे को जोरदार ठोकर मार दी। हादसे में अंश गंभीर रूप से जख्मी हो गया। आनन-फानन में परिजन उसे इलाज के लिए कल्याणपुर ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने डीएमसीएच दरभंगा रेफर कर दिया। परिजन दो दिनों तक डीएमसीएच में उसका इलाज कराने के बाद समस्तीपुर ले आए। हालांकि, बच्चे की हालत में सुधार नहीं होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए पटना ले जाया गया। वहां शनिवार रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। रविवार सुबह शव गांव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पोस्टमार्टम की तैयारी में जुटी पुलिस सदर डीएसपी-2 संजय कुमार ने बताया कि चार दिन पूर्व सड़क हादसे में बच्चा घायल हुआ था। परिजन उसका इलाज करा रहे थे, लेकिन शनिवार रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शव लेकर परिजन गांव लौटे हैं। स्थानीय पुलिस को पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराने का निर्देश दिया गया है। घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *