![]()
जहानाबाद में उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ सोमवार को चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ पूरे जिले में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हो गया। सुबह होते ही जिले के विभिन्न छठ घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। व्रतियों ने भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इसके साथ ही चार दिनों तक चलने वाले छठ अनुष्ठान का विधिवत समापन हो गया। जिला प्रशासन की ओर से जिले में कुल 106 छठ घाटों पर पूजा की व्यवस्था की गई थी। सभी घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। व्रती महिलाएं और पुरुष पारंपरिक तरीके से सूप और दउरा में फल, ठेकुआ सहित अन्य पूजन सामग्री सजाकर घाटों पर पहुंचे। भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान छठी मइया के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। कई श्रद्धालु दंडवत करते हुए तो कई माथे पर पूजा सामग्री लेकर घाटों तक पहुंचे। दक्षिणी घाट पर दो लोगों के बीच मारपीट छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे। विभिन्न घाटों पर पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी। पुलिसकर्मी लगातार भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा में जुटे रहे। हालांकि, दक्षिणी घाट पर दो लोगों के बीच हल्की मारपीट की घटना हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद घाट पर स्थिति सामान्य हो गई। डीएम-एसपी ने घाटों का किया निरीक्षण जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया और पुलिस अधीक्षक कोटा किरण लगातार विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण करते रहे। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, रोशनी और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध अन्य जरूरी सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। कुल मिलाकर प्रशासन की सतर्कता और श्रद्धालुओं के सहयोग से जिले में छठ महापर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया।
Source link
जहानाबाद में उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ पर्व संपन्न:जिले के 106 घाटों पर पहुंचे श्रद्धालु; दक्षिणी घाट पर दो लोगों के बीच मारपीट
