![]()
दरभंगा के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र की निस्ता पंचायत स्थित नासिरगंज में खरना की रात मामूली विवाद के बाद कुछ लोगों ने एक व्यक्ति को कट्टा सटाकर जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान मारपीट की कोशिश भी की गई। पीड़ित के शोर मचाने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी कट्टा और मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गए। घटना कमतौल-भरवाड़ा मुख्य सड़क पर नासिरगंज चौक के पास की है। सूचना पर पहुंची सिंहवाड़ा थाना की पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित के अनुसार, मामूली बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए उनके सिर पर कट्टा सटा दिया। उन्होंने अपने भाई को आवाज लगाई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण जुटने लगे तो सभी आरोपी अपनी मोटरसाइकिल और कट्टा छोड़कर भाग निकले। मौके पर मिली बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर BR07AW6603 है। पुलिस बाइक और हथियार के मालिकाना हक का पता लगा रही है। प्रत्यक्षदर्शी बोला- आरोपी नशे में थे प्रत्यक्षदर्शी मुकेश कुमार ने बताया कि मौके पर दो लोग आए थे। एक व्यक्ति ने सीक्सर (बंदूक) से मारने की धमकी दी। इसके बाद फोन करने पर कोई कट्टा लेकर पहुंचा। उनके मुताबिक, सभी लोग नशे की हालत में थे। वहीं, पीड़ित उपेंद्र सदा ने बताया कि दुकान खुलने के बाद से वहां शराब और गांजा पीने वाले लोगों का जमावड़ा लगता है। घटना के समय भी कुछ लोग नशे में पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि एक युवक तीन-चार दिनों से वहां आ रहा था और नशे की हालत में अनाप-शनाप बातें करता था। घटना के दिन उसने कट्टा निकालकर वहां मौजूद लोगों पर तान दिया। उनके अनुसार, मौके पर चार लोग थे और सभी नशे में थे। ग्रामीण मोहम्मद तम्मने ने इलाके में लगातार अवैध हथियार मिलने पर चिंता जताते हुए हथियारों की सप्लाई की जांच कराने की मांग की। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी इसी इलाके के पास अवैध हथियार के साथ एक आरोपी गिरफ्तार हुआ था। इससे स्थानीय लोगों में क्षेत्र में अवैध हथियारों की उपलब्धता को लेकर चिंता बढ़ गई है। सिंहवाड़ा थाना की पुलिस ने जब्त की हथियार और बाइक सूचना मिलने पर सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष बसंत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना में शामिल लोगों की पहचान और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
दरभंगा- कट्टा सटाकर जान से मारने की धमकी:शोर मचाने पर बाइक, हथियार छोड़कर भागे आरोपी; पीड़ित बोला- नशा करने से मना करने पर धमकाया
