![]()
बांका में राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर मंगलवार को जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम और संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने की। कार्यक्रम सोमवार को आयोजित होना था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से इसे मंगलवार को किया गया। लोकलुभावन और जिम्मेदार पत्रकारिता के बीच संतुलन जरूरी इस वर्ष भारतीय प्रेस परिषद की ओर से निर्धारित थीम ‘पत्रकारिता : लोकलुभावन या जिम्मेदार’ पर आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम ने जिले के सभी पत्रकारों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में प्रेस की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। डिजिटल युग में पत्रकारिता के सामने तात्कालिक लोकप्रियता और तथ्यों पर आधारित जिम्मेदार पत्रकारिता के बीच संतुलन बनाए रखने की चुनौती है। डीएम ने कहा कि जिम्मेदार पत्रकारिता समाज को सही दिशा दिखाने के साथ अफवाहों पर रोक लगाती है। यह प्रशासन और आम जनता के बीच मजबूत सेतु का काम भी करती है। उन्होंने बांका के पत्रकारों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि यहां के मीडिया प्रतिनिधियों ने हमेशा रचनात्मक और सकारात्मक पत्रकारिता की है। जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका डीएम ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने और स्थानीय समस्याओं को सामने लाकर उनके समाधान में मीडिया का जिला प्रशासन को लगातार सहयोग मिलता रहा है। संगोष्ठी में मौजूद वरिष्ठ पत्रकारों और बुद्धिजीवियों ने भी विचार रखे। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता की जरूरत पहले से अधिक बढ़ गई है। पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबरों का प्रसारण करना नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना भी है। कार्यक्रम का संचालन जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ने किया। इस मौके पर अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि, छायाकार और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Source link
DM ने पत्रकारिता में फैक्ट्स पर फोकस दिया:बांका में प्रेस दिवस पर बोले- लोकप्रियता और जिम्मेदारी के बीच संतुलन जरूरी
