![]()
मोतिहारी में छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार को जिले के सभी घाटों पर व्रतियों ने डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इसके बाद व्रती घर लौटे और कोसिया भराई की रस्म निभाई। घाटों से लेकर घरों तक छठ के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। शहर से गांव तक पर्व की रौनक देखने को मिली। छठ मनाने के लिए प्रवासी लोग भी अपने गांव-घर लौटे हैं। सुबह से ही घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। महिलाएं नए कपड़े पहनकर सिर पर दौरा और सूप लेकर घाट पहुंचीं। घाटों पर सजावट, रोशनी और सफाई की व्यवस्था की गई थी। अर्घ्य के समय व्रती कमर तक पानी में खड़े हुए और भगवान भास्कर को दूध, जल, ठेकुआ और फल-फूल अर्पित किए। अर्घ्य के बाद घरों में हुई कोसिया भराई घाटों पर पूजा के बाद व्रती घर लौटे, जहां कोसिया भराई की तैयारी की गई थी। आंगन में हाथी, गन्ना, केला, नारियल और अन्य फलों से कोसिया सजाया गया। परिवार की महिलाओं और परिजनों ने मिलकर पारंपरिक रस्म निभाई। छठ गीतों से गूंजते रहे घर और मोहल्ले कोसिया भराई के दौरान महिलाएं छठ के पारंपरिक गीत गाती रहीं। ‘केलवा जे फरेला घवद से, ओह पर सुगवा मड़राय…’ गीत से मोहल्ले गूंज उठे। छोटे-बड़े सभी लोग पूजा में शामिल हुए। व्रतियों ने छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी उम्र और रोगमुक्त जीवन की कामना की। घाटों पर सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात जिले के सभी छठ घाटों पर प्रशासन की ओर से सुरक्षा, रोशनी और सफाई की व्यवस्था की गई थी। पर्व के दौरान पुलिस पेट्रोलिंग भी करती रही, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। उगते सूर्य को अर्घ्य देकर होगा पारण महापर्व का अंतिम चरण सोमवार सुबह पूरा होगा। व्रती उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे और इसके बाद पारण करेंगे। फिर प्रसाद वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो जाएगा।
Source link
मोतिहारी-डूबते सूर्य को अर्घ्य के बाद घरों में सजी कोसिया:दौरा-सूप लेकर घाट पहुंचे व्रती, गन्ना-फल और नारियल से निभाई रस्म
