![]()
मोतिहारी के ढाका थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव में गुरुवार देर शाम 26 वर्षीय सोनाली कुमारी की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। मौत से करीब आधे घंटे पहले उन्होंने अपनी मां को फोन कर ससुराल से ले जाने की गुहार लगाई थी। सोनाली के भाई राजीव रंजन ने ससुराल वालों पर उनकी हत्या करने का आरोप लगाया है। मां से फोन पर कहा- यहां से ले चलो सोनाली ने मां से फोन पर कहा था, “हेलो मम्मी, हमें आकर यहां से ले चलो। हमारे ससुराल वाले बहुत टॉर्चर कर रहे हैं। अगर नहीं ले जाओगी तो ये लोग मार देंगे।” इस पर मां ने अगले दिन आकर उन्हें ले जाने की बात कही। परिजनों के मुताबिक, इसके करीब आधे घंटे बाद ससुराल वालों ने मायके फोन कर सोनाली की मौत की सूचना दी। शादी के बाद से प्रताड़ित करने का आरोप सोनाली की शादी 11 मई 2019 को चैनपुर गांव के टुना कुमार से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं, जिनमें दो साल की बेटी और एक साल का बेटा है। पटना के फुलवारी शरीफ में रहने वाले उनके भाई राजीव रंजन ने बताया कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले सोनाली को परेशान करने लगे थे। राजीव के मुताबिक, कभी मोटा-काला कहकर तो कभी पैसे की मांग को लेकर सोनाली के साथ मारपीट की जाती थी। उन्होंने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे सोनाली ने मां को फोन कर उन्हें ससुराल से ले जाने के लिए कहा था। उन्होंने यह भी कहा था कि अगर उन्हें नहीं ले जाया गया तो ससुराल वाले उन्हें मार देंगे। घर पहुंचने पर नहीं मिले ससुराल वाले राजीव रंजन के अनुसार, परिवार के लोग जब चैनपुर पहुंचे तो ससुराल वाले घर छोड़कर जा चुके थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। राजीव रंजन ने आरोप लगाया कि उनकी बहन की हत्या करने के बाद ससुराल वाले फरार हो गए। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
Source link
मां को फोन के आधे घंटे बाद बेटी की मौत:भाई ने ससुराल वालों पर मर्डर का आरोप लगाया
