![]()
दरभंगा में सोमवार को दो अलग-अलग घटनाओं में एक युवक और एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बहादुरपुर प्रखंड क्षेत्र में एक सप्ताह से लापता 30 वर्षीय युवक का शव बागमती नदी के बीच स्थित जर्जर पुराने पुल के नीचे फंसा मिला। पुलिस और चौकीदार ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। वहीं, जाले थाना क्षेत्र में दरभंगा-सीतामढ़ी रेलखंड पर चंदौना हॉल्ट के पास रेलवे ट्रैक किनारे करीब 25-26 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिला। दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है। एक सप्ताह से लापता युवक का शव पुराने पुल के नीचे मिला बहादुरपुर प्रखंड क्षेत्र में सोमवार को स्थानीय लोगों ने बागमती नदी के बीच स्थित जर्जर पुराने पुल के नीचे एक युवक का शव फंसा देखा। इसके बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव निकालने का प्रयास शुरू किया। शव नदी के बीच पुल के नीचे ऐसी जगह फंसा था, जहां तक पहुंचना और उसे बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण था। पुलिस टीम के साथ चौकीदार मनीष ने भी रेस्क्यू अभियान में सहयोग किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान नाका नंबर-6, दरभंगा निवासी मनोज भारती के बेटे विष्णु भारती (30) के रूप में हुई है। बताया गया कि वह पिछले एक सप्ताह से लापता था। शव मिलने के दौरान उसकी पत्नी भी मौके पर मौजूद थी। युवक की तीन बेटियां हैं। हालांकि, विष्णु पुल के नीचे कैसे पहुंचा और कितने समय से वहां फंसा था, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। रेलवे ट्रैक किनारे मिला अज्ञात महिला का शव दूसरी घटना जाले थाना क्षेत्र की है। दरभंगा-सीतामढ़ी रेलखंड पर खेसर और चंदौना गुमटी के बीच सोमवार को रेलवे ट्रैक किनारे एक महिला का शव मिला। ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची जाले थाने की पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। महिला की उम्र करीब 25 से 26 वर्ष बताई जा रही है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। वह कहां की रहने वाली थी और किस स्टेशन से ट्रेन में सवार हुई थी, इसकी जानकारी भी नहीं मिल पाई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) भेज दिया है। शुरुआती आशंका है कि महिला ट्रेन से गिर गई होगी। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पहचान के लिए आसपास के थानों को भेजी गई तस्वीर जाले थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल ने बताया कि महिला की पहचान के लिए उसकी तस्वीर आसपास के थानों और रेलवे स्टेशनों पर भेजी गई है। आसपास के गांवों में भी पूछताछ की जा रही है। रेलवे पुलिस से संपर्क कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सुबह किस ट्रेन से महिला के गिरने की आशंका है और वह किस स्टेशन से सवार हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
Source link
दरभंगा में महिला और युवक का शव मिला:रेलवे ट्रैक किनारे और पुराने पुल के नीचे था बॉडी
