Headlines

गयाजी स्टेशन पर यात्रियों की भीड़:छठ के बाद काम पर लौटने की होड़, महाबोधि एक्सप्रेस के जनरल कोच में पैर रखने की जगह नहीं




लोक आस्था के महापर्व छठ के संपन्न होते ही अब परदेस लौटने वालों की भीड़ रेलवे स्टेशनों पर उमड़ने लगी है। मंगलवार को गयाजी रेलवे स्टेशन पर दिल्ली और दूसरे महानगरों की ओर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। ट्रेनों में सवार होने के लिए प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की लंबी कतारें लगी रहीं। महाबोधि एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्रियों की इतनी भीड़ रही कि सीट नहीं मिलने पर कई लोगों को खड़े होकर सफर करना पड़ा। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे प्रशासन और सुरक्षा बलों ने स्टेशन पर विशेष व्यवस्था की है। आरपीएफ, जीआरपी और कमर्शियल विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय से भीड़ नियंत्रित करने में जुटे हैं।
महाबोधि एक्सप्रेस के जनरल कोच में भारी भीड़ छठ के बाद कामकाज पर लौटने की जल्दबाजी में बड़ी संख्या में लोग गया स्टेशन पहुंच रहे हैं। इनमें दिल्ली समेत दूसरे महानगरों में नौकरी और व्यवसाय करने वाले यात्री शामिल हैं। ट्रेनों में आरक्षित सीटों की उपलब्धता कम होने के कारण जनरल कोच में सबसे ज्यादा दबाव देखने को मिल रहा है। महाबोधि एक्सप्रेस में भी बड़ी संख्या में यात्री जनरल कोच में सवार हुए। जिन्हें सीट मिली, वे बैठकर रवाना हुए, जबकि सीट नहीं मिलने वाले यात्रियों को खड़े होकर ही सफर करना पड़ा। भीड़ के कारण कोच में चढ़ने और उतरने के दौरान यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। गया के दीपक कुमार, नवादा के दीपक कुमार और गया की शिल्पी कुमारी ने बताया कि उन्होंने रिजर्व टिकट लेने की कोशिश की थी, लेकिन टिकट नहीं मिला। तत्काल टिकट के लिए भी प्रयास किया, लेकिन समय पर वेबसाइट नहीं खुलने के कारण टिकट नहीं मिल सका। मजबूरी में जनरल टिकट लेकर महाबोधि एक्सप्रेस से यात्रा करनी पड़ रही है। धक्कामुक्की रोकने के लिए कतार में कराया जा रहा प्रवेश स्टेशन पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए आरपीएफ और जीआरपी के जवानों को प्रमुख स्थानों पर तैनात किया गया है। यात्रियों को धक्कामुक्की से बचाने के लिए प्लेटफॉर्म पर कतारें लगवाई जा रही हैं। एक-एक कर यात्रियों को जनरल और आरक्षित कोचों में प्रवेश कराया जा रहा है। आरपीएफ पोस्ट प्रभारी बनारसी दास ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्लेटफॉर्म के प्रमुख दबाव वाले स्थानों और संकरी सीढ़ियों पर जवानों की तैनाती की गई है। यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से ट्रेन में चढ़ाया जा रहा है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। स्पेशल ट्रेनों का संचालन, सीसीटीवी से हो रही निगरानी छठ के बाद यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन की ओर से स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। महाबोधि एक्सप्रेस के साथ पटना रूट पर भी विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों की संख्या और भीड़ के रुझान पर लगातार नजर रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी किया जा सकता है। स्टेशन के प्लेटफॉर्म और ट्रेनों की आवाजाही पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। सुरक्षा बलों को भीड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। रेलवे और सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी लगातार समन्वय बनाकर व्यवस्था संभाल रहे हैं। सुरक्षा बलों ने यात्रियों से संयम बरतने की अपील की आरपीएफ और जीआरपी ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेन में चढ़ने के दौरान धैर्य बनाए रखें और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करें। जल्दबाजी और धक्कामुक्की से बचें। किसी भी संदिग्ध वस्तु या असुविधा की स्थिति में तत्काल नजदीकी सुरक्षाकर्मी या रेलवे सहायता केंद्र को सूचना दें। छठ के बाद ट्रेनों में बढ़ी भीड़ ने एक बार फिर त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त आवाजाही और आरक्षित टिकटों की उपलब्धता की चुनौती सामने ला दी है। फिलहाल रेलवे प्रशासन का जोर यात्रियों को सुरक्षित तरीके से उनके गंतव्य तक पहुंचाने और स्टेशन पर भीड़ को नियंत्रित रखने पर है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *