नालंदा में भोजपुर सिंगर खेसारी लाल यादव के इवेंट में भगदड़ मच गया। सोमवार की रात शेखल्ली गांव में सिंगर एक तिलक समारोह में पहुंचे थे। इसी दौरान खेसारी के गाने को सुनने के लिए वहां पर हजारों की संख्या में लोग जुट गए। भीड़ इतनी बेकाबू हो गई कि लोगों ने सुरक्षा के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग तोड़ दी।दर्जनों कुर्सियां उठाकर फेंकने लगे। देखते ही देखते कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थिति संभालने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। बाद में पुलिस ने स्थिति नियंत्रित कराई और कड़ी सुरक्षा के बीच कार्यक्रम संपन्न कराया। इस मामले में प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए इस्लामपुर थाने में केस दर्ज कराया है। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर हंगामा करने वाले लोगों की पहचान करने में जुटी है। खेसारी के आने की खबर फैलते ही जुटने लगी भीड़ जानकारी के अनुसार, इस्लामपुर के शेखल्ली गांव निवासी चंद्रशेखर प्रसाद के घर सोमवार रात तिलक समारोह आयोजित किया गया था। इस पारिवारिक आयोजन को खास बनाने के लिए भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव समेत अन्य कलाकारों को सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के लिए आमंत्रित किया गया था। जैसे ही आसपास के गांवों और इलाकों में खेसारी के आने की खबर फैली, शाम से ही कार्यक्रम स्थल पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। रात होते-होते हजारों की संख्या में दर्शक पहुंच गए। हर कोई अपने पसंदीदा कलाकार को करीब से देखने और उनका गाना सुनने के लिए मंच के पास पहुंचना चाहता था। बैठने की व्यवस्था कम पड़ी, टूटने लगी बैरिकेडिंग लोगों की संख्या आयोजकों के अनुमान से काफी ज्यादा हो गई। इसके कारण बैठने और भीड़ को नियंत्रित करने की व्यवस्था खराब हो गई। मंच के करीब पहुंचने और खेसारी लाल की एक झलक पाने की होड़ में दर्शकों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। कुछ ही देर में स्थिति बिगड़ने लगी। लोगों ने कुर्सियां उठाकर फेंकनी शुरू कर दीं। कई कुर्सियां टूट गईं और सुरक्षा के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग भी क्षतिग्रस्त कर दी गई। कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बनने लगी। हालात बिगड़ते देख आयोजकों को सुरक्षा के मद्देनजर कुछ देर के लिए कार्यक्रम रोकना पड़ा। मजिस्ट्रेट के निर्देश पर पुलिस ने किया हल्का बल प्रयोग हिलसा डीएसपी-2 कुमार ऋषिराज ने बताया, कार्यक्रम के आयोजन की पूर्व सूचना स्थानीय प्रशासन को दी गई थी। संभावित भीड़ को देखते हुए एहतियात के तौर पर कार्यक्रम स्थल पर मजिस्ट्रेट और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। हालांकि, खेसारी लाल यादव को देखने के लिए अप्रत्याशित रूप से भारी भीड़ जुट गई। इससे व्यवस्था संभालना चुनौतीपूर्ण हो गया। डीएसपी के अनुसार, कार्यक्रम को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने और बेकाबू भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मौके पर मौजूद मजिस्ट्रेट के निर्देश पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस की कार्रवाई के बाद उपद्रवी तत्व वहां से तितर-बितर हुए और स्थिति नियंत्रण में आई। इसके बाद पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच सांस्कृतिक कार्यक्रम का समापन कराया गया। वीडियो फुटेज से उपद्रवियों की पहचान, प्राथमिकी दर्ज कार्यक्रम के दौरान हुई तोड़फोड़ और हंगामे को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। हिलसा डीएसपी-2 कुमार ऋषिराज ने बताया कि घटना को लेकर इस्लामपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस कार्यक्रम स्थल के वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हंगामा करने वालों की पहचान कर रही है। पहचान होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
नालंदा में खेसारी के इवेंट में भगदड़,लोगों ने फेंकी कुर्सियां:पुलिस ने किया लाठीचार्ज, शर्टलेस होने पर फैंस ने की हूटिंग
