![]()
गयाजी के मोहनपुर में मंगलवार को डैम में एक सरकारी शिक्षक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मोहनपुर थाना क्षेत्र स्थित मोहनपुर डैम में पानी के ऊपर एक व्यक्ति का शव उतराता मिला। मृतक की पहचान सिरियामा गांव निवासी 55 वर्षीय जमुना यादव के रूप में हुई है। वे मध्य विद्यालय सीरियावा में सरकारी शिक्षक के पद पर तैनात थे। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजन भी बदहवास हालत में डैम पहुंचे। उन्होंने जमुना यादव की हत्या कर शव डैम में फेंके जाने की आशंका जताई है। रात में खाना खाने के बाद टहलने निकले थे, फिर नहीं लौटे परिजनों के अनुसार, जमुना यादव ने सोमवार रात करीब 10 बजे घर पर परिवार के सदस्यों के साथ खाना खाया था। इसके बाद वे रोज की तरह टहलने के लिए घर से बाहर निकले। आमतौर पर टहलने के बाद वे वापस लौट आते थे, लेकिन सोमवार रात काफी देर होने के बावजूद घर नहीं पहुंचे। पहले परिजनों ने उनके लौटने का इंतजार किया। जब देर रात तक कोई जानकारी नहीं मिली तो परिवार के लोग उनकी तलाश में निकल पड़े। आसपास के इलाकों और संभावित ठिकानों पर खोजबीन की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। रातभर परिजन परेशान रहे। डैम में शव मिलने की खबर से मचा हड़कंप मंगलवार दोपहर स्थानीय ग्रामीण मोहनपुर डैम की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में उतराते एक शव पर पड़ी। इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते यह खबर आसपास के गांवों में फैल गई और डैम के पास ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर जमुना यादव के परिजन भी मौके पर पहुंचे। पानी में उतराते शव की पहचान उन्होंने जमुना यादव के रूप में की। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस व्यक्ति की तलाश में परिजन पूरी रात परेशान थे, उसका शव डैम में मिलने से पूरे गांव में शोक का माहौल है। हत्या कर शव डैम में फेंकने का आरोप जमुना यादव की मौत के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि शिक्षक की हत्या करने के बाद शव को डैम में फेंका गया हो सकता है। परिजन इस बात को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं कि रात में घर से टहलने निकले जमुना यादव डैम तक कैसे पहुंचे और उनके साथ आखिर क्या हुआ? हालांकि, फिलहाल परिजनों की आशंका की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम और वैज्ञानिक जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। डायटम टेस्ट के लिए सुरक्षित किया पानी का सैंपल घटना की सूचना मिलते ही मोहनपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को डैम के पानी से बाहर निकलवाया और अपने कब्जे में लिया। इसके बाद पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया भेज दिया गया। थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि फिलहाल मौत के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। मौत की वजह जानने के लिए वैज्ञानिक जांच कराई जा रही है। इसके तहत डायटम टेस्ट के लिए डैम के पानी का सैंपल सुरक्षित रखा गया है। डायटम टेस्ट की मदद से यह पता लगाने में सहायता मिल सकती है कि व्यक्ति की मौत पानी में डूबने से हुई थी या मौत के बाद शव को पानी में डाला गया था। पुलिस पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
गयाजी डैम में उपलाता मिला सरकारी शिक्षक का शव:सोमवार रात खाना खाकर टहलने निकला था, परिजन बोले-हत्या कर फेंकी बॉडी
