![]()
‘मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आज जन्मदिन है। मुझे मुख्यमंत्री से गिफ्ट के तौर मेरे बेटे के हत्या के आरोपियों की सजा चाहिए। अगर मुख्यमंत्री हमारे परिवार को ये गिफ्ट नहीं दे पाते हैं तो फिर हमारे पूरे परिवार को मरवा दें। सभी के घरों में छठ पूजा हो रही है, लेकिन हमारा घर सूना है। अगर मेरे देवर भरत तिवारी रहते तो हमारे घर में भी छठ पूजा होती। हम लोगों की मांग है कि मेरे देवर की जिसने भी हत्या की है, उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सजा दिलाई जाए।’ भोजपुर के बिलौटी गांव के रहने वाले भरत तिवारी की मां आशा देवी और भाभी सुमन देवी ने दैनिक भास्कर से बातचीत में ये बातें कही। दरअसल, आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का जन्मदिन हैं। वे 58 साल के हो गए। सीएम को जन्मदिन की बधाई देते हुए भरत की मां ने कहा कि मुझे सम्राट चौधरी से जन्मदिन का गिफ्ट चाहिए। वे या तो मेरे बेटे की हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार कराकर उन्हें सजा दिलाएं या फिर मेरे पूरे परिवार को मरवा दें। जानिए भरत की मां और भाभी ने पुलिस कार्रवाई को लेकर क्या कुछ कहा। सरकार ने क्या-क्या वादे किए थे, और उनकी सरकार से क्या उम्मीद है… भरत तिवारी एनकाउंटर के 150 दिन पूरे बिलौटी गांव के रहने वाले भरत तिवारी के एनकाउंटर के 150 दिन पूरे हो गए। 17 जून को पुलिस एनकाउंटर में घायल भरत तिवारी की अस्पताल में मौत हो गई थी। पिछले 150 दिनों से भरत तिवारी की मां बेटे के लिए न्याय मांग रही है। भरत की मां आशा देवी का कहना है कि बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिले आश्वासन के बावजूद अब तक परिवार को न्याय नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि मुझे इस बात का भी डर है कि अब परिवार को शायद न्याय न मिले, लोग धीरे-धीरे मेरे बेटे को न्याय दिलाने की बात भूल न जाएं। 24 जुलाई को सीएम ने भरत तिवारी की मां समेत परिवार से मुलाकात की थी भरत तिवारी के करीब एक महीने बाद यानी 24 जुलाई को उसके परिवार ने पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने एक्स पोस्ट में लिखा था कि न्यायिक जांच की अंतरिम रिपोर्ट के आधार पर बिहार सरकार की ओर से भरत तिवारी के परिवार को आर्थिक सहायता एवं एक परिजन को सरकारी नौकरी प्रदान की जाएगी। एनकाउंटर को लेकर बिहार सरकार ने भी पुलिस की चूक स्वीकारी थी। पहले न्यायिक जांच आयोग का गठन और फिर जगदीशपुर के तत्कालीन एसडीपीओ राजेश शर्मा, तत्कालीन एसएचओ राजेश मालाकार और पुलिसकर्मियों पर हत्या की एफआईआर दर्ज की गई थी। न्यायिक जांच आयोग के सामने पीड़ित परिवार समेत कुल 11 लोगों की गवाही दर्ज की गई। सीआईडी की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। इसके बावजूद अब तक जांच के नतीजे या न्याय की दिशा में कोई ठोस कदम सामने नहीं आया है। ‘बेटे को इंसाफ नहीं दे सकते तो पूरे परिवार को मरवा दीजिए’ दैनिक भास्कर से बातचीत के दौरान बेटे को याद कर आशा देवी ने रुंधे गले से कहा कि अब तो ऐसा लगने लगा है कि सरकार और प्रशासन के लिए उनके बेटे की मौत कोई मायने नहीं रखती। अगर मेरे बेटे को इंसाफ नहीं दिला सकते, तो पूरे परिवार को जान से मरवा दीजिए। पूरा परिवार मरने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि भोजपुर के एसपी से लेकर डीआईजी और मुख्यमंत्री तक के दरवाजे पर जाकर न्याय की गुहार लगा चुके हैं, लेकिन हर जगह से सिर्फ आश्वासन मिला है। उन्होंने बताया कि डीआईजी ने भी भरोसा दिलाया था कि दो दिनों के भीतर दो आरोपितों की गिरफ्तारी कराई जाएगी, लेकिन वह आश्वासन भी पूरा नहीं हुआ। ‘सम्राट सरकार ने धोखा दिया, पांच महीने बाद भी बेटे के हत्यारे खुलेआम घूम रहे’ भरत तिवारी की मां आशा देवी ने सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सम्राट सरकार ने उनके परिवार के साथ धोखा किया है। सरकार की ओर से जो वादे किए गए थे, उनमें से एक भी पूरा नहीं हुआ। बेटे की हत्या के पांच महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक न्याय की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने केवल STF के सिपाही अक्षय को गिरफ्तार किया है, जबकि उनके बेटे की हत्या में शामिल अन्य आरोपित अब भी खुलेआम घूम रहे हैं। आज मेरे घर में मातम और अंधेरा पसरा हुआ है, जबकि आरोपियों के घर में त्योहार और पर्व मनाए जा रहे हैं। आशा देवी ने बिहार सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर अगले एक महीने के भीतर सभी आरोपितों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो पूरा परिवार सड़क पर उतरकर धरना देगा। इसके बाद परिवार अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेगा। जब तक एक बूढ़ी मां को अपने बेटे की हत्या का इंसाफ नहीं मिल जाता, तब तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी। ‘न जांच पूरी हुई, न सरकार के वादे’ भरत तिवारी के पिता काशीनाथ तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने खुद स्वीकार किया था कि इस मामले में चूक हुई है। उन्होंने भरोसा दिलाया था कि हत्याकांड में शामिल लोगों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। साथ ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और मुआवजा देने की बात भी कही गई थी। मुख्यमंत्री ने यह भी आश्वासन दिया था कि छह महीने के भीतर पूरे मामले का समाधान कर दिया जाएगा। काशीनाथ तिवारी ने कहा कि सरकार के प्रतिनिधियों की ओर से परिवार से नौकरी और मुआवजे से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी लिए गए थे। इसके बावजूद अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है। न तो नौकरी को लेकर कोई जानकारी दी गई है और न ही मुआवजे पर कोई ठोस पहल हुई है। पांच महीने गुजरने के बाद भी परिवार को सिर्फ आश्वासन ही मिला है। न्याय नहीं मिला तो मुख्यमंत्री का करेंगे घेराव काशीनाथ तिवारी ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अब परिवार के पास आंदोलन के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है। अगर जल्द ही सभी आरोपितों की गिरफ्तारी और परिवार की मांगों पर निर्णय नहीं लिया गया, तो वे लोग मुख्यमंत्री का घेराव करेंगे। ‘कार्रवाई के नाम पर केस में हो रही लीपापोती’ भरत तिवारी की भाभी सुमन देवी ने सरकार और प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछले पांच महीने से परिवार को सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है। कभी पुलिस अधिकारी, तो कभी दूसरे विभागों के अधिकारी परिवार का बयान लेने पहुंचते हैं, लेकिन बयान लेने के बाद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती। ऐसा लग रहा है कि जानबूझकर समय बर्बाद किया जा रहा है और मामले को धीरे-धीरे दबाने की कोशिश हो रही है। ‘भरत को न्याय नहीं मिला तो परिवार का धैर्य टूट जाएगा’ सुमन देवी ने आक्रोश जताते हुए कहा कि सरकार भरत तिवारी के परिवार को नौकरी देने की बात कर रही है, लेकिन पहले यह बताए कि उनके हत्यारों को सजा कब मिलेगी। जो लोग भरत को मारने में शामिल हैं, उन्हें सजा ही नहीं दिलाई गई तो नौकरी देने का क्या मतलब है? परिवार की पहली और सबसे बड़ी मांग न्याय है। उन्होंने कहा कि भरत तिवारी अपने साथ हुई घटना से जुड़े कई साक्ष्य पहले ही दे चुके थे। प्रशासन के पास उनका मोबाइल फोन भी मौजूद है। इसके बावजूद आज परिवार से ही बार-बार सबूत मांगे जा रहे हैं। आखिर प्रशासन उन साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा है?
Source link
'इंसाफ नहीं देना है तो पूरे परिवार को मरवा दीजिए':भरत तिवारी की मां की CM से अपील; भाभी बोली- वादा करके भूल गई सरकार
