7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों के अनुसार यह रहमान गुल की तस्वीर है।
बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तानी सेना के पूर्व कैप्टन रहमान गुल को अपना नया कमांडर-इन-चीफ नियुक्त किया है।
रहमान गुल ने 8 साल तक सेना में नौकरी की थी। इसके बाद बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना की बर्बरता देखने के बाद उसने बगावत की। 2010 में वह BLA में शामिल हुआ। फिदायीन हमले करने वाली मजीद ब्रिगेड को ट्रेनिंग देने में रहमान की अहम भूमिका है।
रहमान से पहले बशीर जेब BLA का चीफ था लेकिन पाकिस्तान में बड़े हमले न कर पाने के कारण उसे हटा दिया गया।
बलूचिस्तान का रहने वाला है रहमान गुल
रहमान गुल को उस्ताद मुरीद और मुरीद बलोच के नाम से भी जाना जाता है। वह मूल रूप से पाकिस्तान के बलूचिस्तान के नोशकी इलाके का रहने वाला है। BLA में शामिल होने के बाद उनका कद लगातार बढ़ता गया। संगठन का प्रमुख बनाए जाने से पहले वह डिप्टी कमांडर था।
पाकिस्तान के पूर्व सैन्य अधिकारी को बड़ी जिम्मेदारी देना BLA के लिए रणनीतिक रूप से अहम हो सकता है। रहमान गुल को पाकिस्तानी सेना की रणनीति, सैन्य ढांचे और आतंकवाद विरोधी अभियानों की जानकारी है।

रहमान गुल की नियुक्ति BLA की बड़ी रणनीतिक चाल
रहमान गुल की नियुक्ति को BLA की बड़ी रणनीतिक चाल माना जा रहा है। सुरक्षा मामलों के जानकारों के मुताबिक, पाकिस्तानी सेना में काम करने का उनका अनुभव संगठन के लिए फायदेमंद हो सकता है।
उन्हें सेना की रणनीति, काम करने के तरीके और जवाबी कार्रवाई से जुड़ी जानकारी है। ऐसे में BLA इस अनुभव का इस्तेमाल पाकिस्तान के खिलाफ कर सकती है।
BLA अलग देश की मांग करता है
बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत को अलग देश बनाने की मांग करने वाला सशस्त्र अलगाववादी संगठन है। इसकी शुरुआत करीब 2000 में हुई थी। यह धार्मिक संगठन नहीं, बल्कि बलूच पहचान और अलग देश की मांग को लेकर सक्रिय जातीय-राष्ट्रवादी संगठन है।
बलूचिस्तान पाकिस्तान का सबसे बड़ा प्रांत है। यहां प्राकृतिक गैस, तांबा, सोना और कोयले जैसे खनिजों के बड़े भंडार हैं। इसके बावजूद यह पाकिस्तान के सबसे पिछड़े इलाकों में शामिल है।
BLA का आरोप है कि पाकिस्तान सरकार बलूचिस्तान के प्राकृतिक संसाधनों का इस्तेमाल करती है, लेकिन वहां के लोगों को उनका उचित हिस्सा नहीं देती। संगठन पाकिस्तान सरकार पर राजनीतिक भेदभाव और बलूच लोगों के अधिकारों का उल्लंघन करने का भी आरोप लगाता है।
BLA चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (CPEC) और इससे जुड़ी परियोजनाओं का भी विरोध करता है। उसका आरोप है कि इन परियोजनाओं से बलूचिस्तान के संसाधनों का फायदा स्थानीय लोगों के बजाय बाहरी ताकतों को मिल रहा है।

———————————-
यह खबर भी पढ़ें…
बलूच आर्मी ने कमांडर इन चीफ बशीर को निकाला: पाकिस्तान में बड़े हमलों को अंजाम दिया; फिल्म धुरंधर के किरदार हमजा से होती थी तुलना

बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) के कमांडर-इन-चीफ बशीर जेब को पद से हटा दिया गया है। बशीर जेब ने पाकिस्तान में कई बड़े हमलों की साजिश रचकर पहचान बनाई थी। पूरी खबर यहां पढ़ें…

