Headlines

मुजफ्फरपुर- विवाहिता की मौत के 7 दिन बाद देवर गिरफ्तार:पति-सास-ससुर अब भी फरार; दो बच्चों का भी पता नहीं; 6 नवंबर को घर में मिली थी लाश




मुजफ्फरपुर के मोतीपुर थाना क्षेत्र के पाना छपरा गांव में विवाहिता निशा कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने उसके देवर पंकज कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 13 नवंबर को तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई की। इस मामले में मृतका के पति, सास और ससुर समेत तीन अन्य लोग नामजद हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। एसडीपीओ पश्चिमी-1 सुचित्रा कुमारी ने बताया कि मामले के प्राथमिकी अभियुक्त पंकज कुमार को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। भाई ने पति, देवर, सास-ससुर को किया था नामजद घटना 6 नवंबर की है। निशा कुमारी का शव उसके ससुराल में मिला था। मामले में मृतका के भाई अमित कुमार के बयान पर मोतीपुर थाने में कांड संख्या 441/26 दर्ज किया गया था। इसमें पति रौशन कुमार, देवर पंकज कुमार, ससुर राजकुमार राय और सास सुनीता देवी को नामजद किया गया था। अमित ने आरोप लगाया था कि चारों दहेज की मांग को लेकर निशा को लगातार प्रताड़ित करते थे। उसके साथ मारपीट की जाती थी। भाई ने आशंका जताई थी कि मारपीट के बाद गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया। ये सभी आरोप प्राथमिकी में दर्ज कराए गए हैं। 10 साल पहले हुई थी शादी, दो बेटों की मां थी निशा अमित के अनुसार, निशा (30) की शादी वर्ष 2016 में पाना छपरा गांव के रौशन कुमार से हुई थी। दोनों के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा अंकित कुमार करीब 9 साल और छोटा बेटा ईशान करीब 4 साल का है। भाई ने बताया कि शादी के बाद से ही पति, देवर, सास और ससुर दहेज की मांग को लेकर निशा को प्रताड़ित करते थे। कई बार उसके साथ मारपीट भी की गई। जब भी उसे बहन के साथ मारपीट की जानकारी मिलती, वह ससुराल पहुंचकर उसे अपने घर ले आता था। कुछ दिनों बाद समझौता होने पर उसे फिर ससुराल भेज दिया जाता था। अमित के मुताबिक, कई वर्षों से यह सिलसिला चल रहा था। सुबह 9:30 बजे मिली फांसी लगाने की सूचना अमित ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 6 नवंबर की सुबह करीब 9:30 बजे वह मुजफ्फरपुर के चांदनी चौक पर अपने काम पर था। इसी दौरान उसे सूचना मिली कि उसकी बहन ने फांसी लगा ली है। वह तुरंत बाइक से पाना छपरा के लिए निकला। रास्ते में निशा के मोबाइल पर फोन किया तो उसकी सास सुनीता देवी ने कॉल उठाकर फांसी लगाने की जानकारी दी। इसके कुछ देर बाद पति रौशन कुमार ने भी फोन कर बताया कि सुबह उसकी मां के साथ निशा का झगड़ा हुआ था। इसके बाद वह दुकान चला गया था। घर लौटने पर निशा को फंदे से लटका पाया और इलाज के लिए मोतीपुर ले जाने की बात कही। अमित के अनुसार, जब वह मोतीपुर पहुंचा तो निशा को गाड़ी में लादकर वापस गांव ले जाया जा रहा था। वह गाड़ी के पीछे-पीछे पाना छपरा पहुंचा। वहां शव को गाड़ी से उतारकर घर के बाहर दरवाजे के सामने रख दिया गया था। अमित ने आरोप लगाया कि पुलिस के आने की सूचना मिलने पर नामजद सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए। वे दोनों बच्चों को भी अपने साथ ले गए। एक आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश में छापेमारी भाई के बयान के आधार पर पुलिस ने दहेज प्रताड़ना और हत्या के आरोपों की जांच शुरू की। अब देवर पंकज कुमार की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पति रौशन कुमार, ससुर राजकुमार राय और सास सुनीता देवी की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई अनुसंधान के आधार पर की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *