![]()
भोजपुर के चौरी थाना क्षेत्र के अंधारी गांव में छठ घाट के रास्ते को लेकर विवाद में बालू माफिया ने भाजपा किसान मोर्चा के मंत्री सह सहार के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान आरोपितों ने उनके ऊपर पिस्टल तानकर गोली मारने की कोशिश की। हालांकि, उन्होंने पिस्टल का ट्रिगर पकड़ लिया, जिसके कारण गोली नहीं चल सकी और उनकी जान बच गई। इस दौरान ट्रिगर से उनकी उंगली में चोट भी आई। घटना के बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने स्थानीय थाना से लेकर भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित से शिकायत कर अपनी जान की सुरक्षा और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है। पीड़ित की पत्नी पंचायत समिति सदस्य, वे खुद सूर्य मंदिर के अध्यक्ष पीड़ित की पहचान चौरी थाना क्षेत्र के अंधारी गांव निवासी क्षत्रपति सिंह के 43 वर्षीय पुत्र रवि रंजन कुमार सिंह के रूप में हुई है। उनकी पत्नी अंधारी क्षेत्र संख्या-3 से पंचायत समिति सदस्य हैं। रवि रंजन सूर्य मंदिर के अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने बताया कि सूर्य मंदिर के समीप बालू माफिया की ओर से गड्ढा खोदकर रास्ता बनाया गया है। इसी कारण वर्ष 2024 में चार बच्चे डूब गए थे। वहीं, जून 2026 में भी तीन बच्चे डूब गए। इन घटनाओं के बाद उन्होंने कई बार खनन विभाग में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। रास्ता बनाने से मना किया तो बालू माफिया ने हत्या की कोशिश की रवि रंजन ने बताया कि हर साल छठ महापर्व के दौरान सूर्य मंदिर में 15 से 20 हजार श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर के समीप बने गहरे गड्ढों के कारण श्रद्धालुओं और बच्चों के डूबने का खतरा बना रहता है। इस साल जब उन्होंने मंदिर की ओर रास्ता बनाने से मना किया तो बालू माफियाओं ने उन्हें घेर लिया और मारपीट करने लगे। इसी दौरान आरोपितों ने उन पर पिस्टल तानकर गोली चलाने की कोशिश की। उन्होंने पिस्टल पकड़ ली, जिससे गोली नहीं चली। इसके बाद ग्रामीणों को आते देख सभी आरोपित धमकी देते हुए भाग निकले। पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। उन्हें आशंका है कि कभी भी उनकी हत्या की जा सकती है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा और आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। इधर, एसपी अवधेश दीक्षित ने पूरे मामले की जांच का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद जल्द कार्रवाई करते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी।
Source link
भाजपा किसान मोर्चा के मंत्री पर जानलेवा हमला:छठ घाट के रास्ते का विरोध करने वाले बालू माफिया पर आरोप, एसपी ने दिया जांच का आदेश
