![]()
गोपालगंज सदर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं और व्यवस्थाएं लगातार सवालों के घेरे में हैं। कभी इलाज में लापरवाही के आरोप तो कभी बारिश के दौरान भवनों से पानी टपकने की शिकायतें सामने आती हैं। अब अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में गंदगी के बीच मरीजों का इलाज किए जाने का मामला सामने आया है। वार्ड में साफ-सफाई की कमी और बुनियादी सुविधाओं के अभाव से मरीजों और उनके परिजनों की परेशानी बढ़ गई है। इमरजेंसी वार्ड को गंभीर मरीजों को तत्काल इलाज देने के लिए सबसे अहम माना जाता है, लेकिन यहां फर्श पर मेडिकल वेस्ट बिखरा पड़ा है। कई जगह खून के सूखे और ताजे धब्बे भी दिखाई दे रहे हैं। ऐसी स्थिति अस्पताल प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रही है। इससे मरीजों, उनके परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों के लिए भी संक्रमण का खतरा बना हुआ है। मेडिकल वेस्ट और खून के धब्बों से संक्रमण का खतरा गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को पहले से ही संक्रमण का खतरा रहता है। ऐसे में दूषित वातावरण में उनका इलाज होने से परेशानी और बढ़ सकती है। खुले में पड़े मेडिकल वेस्ट और खून के धब्बों के कारण संक्रमण फैलने की आशंका है। इसका असर वार्ड में मौजूद अन्य मरीजों, बच्चों और उनके तीमारदारों पर भी पड़ सकता है। वार्ड में गंदगी, बदबू और कचरे के कारण मरीजों का रहना मुश्किल हो रहा है। परिजनों का कहना है कि वे अपनों के इलाज के लिए अस्पताल आते हैं, लेकिन यहां की स्थिति देखकर लगता है कि इलाज के साथ बीमारी का खतरा भी झेलना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि नियमित झाड़ू-पोंछा और सैनिटाइजेशन नहीं होने से मक्खियां और दूसरे कीट भी मंडराते रहते हैं। शिकायतों के बाद भी सुधार नहीं होने का आरोप जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल में ऐसी स्थिति बने रहने से अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों और मीडिया की ओर से समस्याएं उठाए जाने के बावजूद सुधार नहीं होने का आरोप लगाया जा रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं पर खर्च और बेहतर इलाज के दावों के बीच इमरजेंसी वार्ड में सफाई के बुनियादी मानकों की अनदेखी चिंताजनक है। जरूरत है कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मामले का संज्ञान लेकर वार्ड की तत्काल सफाई कराएं। साथ ही बायो-मेडिकल वेस्ट का सुरक्षित निस्तारण और नियमित सैनिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए, ताकि मरीजों को स्वच्छ वातावरण में इलाज मिल सके।
Source link
गोपालगंज सदर अस्पताल के इमर्जेंसी वार्ड में गंदगी:फर्श पर मेडिकल वेस्ट और खून के धब्बे; मरीजों का इलाज जारी
