![]()
मुजफ्फरपुर में छठ महापर्व पर घर लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा की तैयारी तेज कर दी है। इसी को लेकर शनिवार सुबह 11 बजे पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंचीं। उन्होंने स्टेशन के दोनों ओर बनाए गए होल्डिंग एरिया, प्लेटफॉर्म, स्टेशन परिसर और यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यात्रियों की एंट्री से लेकर ट्रेन में चढ़ने तक हर गतिविधि पर नजर रखी जाए। निरीक्षण के बाद जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर छठ के दौरान बेहतर समन्वय से काम करने को कहा। होल्डिंग एरिया से फुट ओवरब्रिज के जरिए पहुंचेंगे प्लेटफॉर्म महाप्रबंधक ने जंक्शन के दोनों ओर बनाए गए होल्डिंग एरिया का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि यात्रियों की एंट्री और एग्जिट पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर एक साथ अधिक भीड़ जमा नहीं हो। होल्डिंग एरिया में यात्रियों को ट्रेन के आने और प्लेटफॉर्म पर प्रवेश मिलने से पहले व्यवस्थित तरीके से ठहराया जाएगा। रेलवे ने इसके लिए क्राउड मूवमेंट प्लान तैयार किया है। इसके तहत आरपीएफ और रेलकर्मी होल्डिंग एरिया से यात्रियों को फुट ओवरब्रिज के रास्ते प्लेटफॉर्म तक पहुंचाएंगे। यात्रियों की आवाजाही को नियंत्रित तरीके से संचालित किया जाएगा, ताकि एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के प्लेटफॉर्म पर पहुंचने से भगदड़ जैसी स्थिति नहीं बने। CCTV और कंट्रोल रूम से होगी निगरानी भीड़ प्रबंधन के लिए स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरे और रिकॉर्डिंग सिस्टम की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही वार रूम और कंट्रोल रूम के जरिए परिचालन, वाणिज्य और सुरक्षा से जुड़ी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी। महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यात्रियों की आवाजाही और ट्रेनों के परिचालन की नियमित निगरानी की जाए। किसी भी तरह की समस्या सामने आने पर तत्काल कार्रवाई हो। जरूरी सूचनाएं ऑनलाइन साझा करने को भी कहा गया, ताकि संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल बना रहे। पेयजल, साफ-सफाई और सुरक्षा पर विशेष जोर निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने स्टेशन परिसर में पेयजल, साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि छठ के दौरान यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। स्टेशनों और ट्रेनों में जरूरी सुविधाएं लगातार उपलब्ध रहनी चाहिए। अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा एवं संरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सतर्क रहने का निर्देश दिया। प्रमुख स्टेशनों पर भी तैयारियों की हो रही समीक्षा महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रमुख स्टेशनों पर तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। भीड़ प्रबंधन, संरक्षा और सुचारू रेल परिचालन के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। होल्डिंग एरिया बनाने का उद्देश्य यात्रियों को ट्रेन आने से पहले व्यवस्थित तरीके से ठहराना है, ताकि प्लेटफॉर्म पर भीड़ का दबाव कम रहे।
Source link
छठ पर भीड़ संभालने मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंचे रेलवे GM:होल्डिंग एरिया का लिया जायजा, फुट ओवरब्रिज से होगी आवाजाही; CCTV और कंट्रोल रूम से होगी निगरानी
