Headlines

दरभंगा- 1.80 करोड़ की चांदी लूट में 8वीं गिरफ्तारी:घर से 13 किलो सिल्वर, 3.50 लाख कैश, 9 एमएम का पिस्टल बरामद; अब तक 75 किलो चांदी बरामद




पश्चिम बंगाल के सर्राफा व्यवसायी से करीब 1.80 करोड़ रुपए की चांदी के बिस्किट और 5.96 लाख रुपए कैश लूटकांड में पुलिस ने गुरुवार को 8वें आरोपी पंकज मिश्रा को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर सिमरी थाना क्षेत्र के बनौली गांव स्थित घर से 13 किलो चांदी, 3.50 लाख रुपए नकद और 9 एमएम का रेगुलर पिस्टल बरामद किया गया है। पिस्टल पर मेड इन चेक गणराज्य लिखा हुआ है। एसडीपीओ ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। एसडीपीओ ने बताया कि पंकज मिश्रा सिमरी थाना क्षेत्र के बनौली गांव का रहने वाला है। कारोबारी पर घटना के दिन जिस हथियार से गोली चलाई गई थी, बरामद पिस्टल वह हथियार नहीं है। घटनास्थल से पहले 7.6 एमएम का खोखा बरामद हुआ था, जबकि पंकज के घर से 9 एमएम का दूसरा हथियार मिला है। गिरफ्तार आरोपित को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में अब तक आठ आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं, पुलिस करीब 75 किलो चांदी बरामद कर चुकी है। सर्राफा कारोबारी के ड्राइवर ने ही रची थी लूट की साजिश पुलिस की जांच में सामने आया था कि पश्चिम बंगाल के सर्राफा कारोबारी के ड्राइवर कौशिक पालुई ने ही लूटकांड की साजिश रची थी। उसने स्थानीय अपराधियों से सांठगांठ कर करीब 1.80 करोड़ रुपये की चांदी और 5.96 लाख रुपये नकद लूट की घटना को अंजाम दिलवाया था। अपनी संलिप्तता छिपाने के लिए उसने खुद के हाथ में भी गोली मरवा ली थी, ताकि पुलिस और व्यवसायी को उस पर शक नहीं हो। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कौशिक पालुई और मैदुल मलिक ही कारोबारी के सिलसिले में लगातार दरभंगा आते-जाते थे। इसी दौरान दोनों की स्थानीय अपराधियों से सांठगांठ हुई और लूट की योजना तैयार की गई। मैदुल मलिक पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर जिले के दासपुर थाना क्षेत्र के उदय चौक का रहने वाला है, जबकि कौशिक पालुई गरबेटा क्षेत्र के आवास बैंक का निवासी है। चांदी के कारोबार की आड़ में बनाई थी योजना थानाध्यक्ष अरविंद कुमार के अनुसार, घटना के दिन मैदुल मलिक और कौशिक पालुई चांदी लेकर कार से शोभन-एकमी मार्ग होते हुए पश्चिम बंगाल जा रहे थे। दोनों लंबे समय से शिव शंकर मन्ना के लिए काम कर रहे थे। पश्चिम बंगाल के दासपुर थाना क्षेत्र के बैकठपुर में शिव शंकर मन्ना की सर्राफा निर्माण की दुकान है। वहां कच्ची चांदी पहुंचाई जाती थी, जिससे विभिन्न प्रकार के आभूषण तैयार कर अलग-अलग स्थानों पर भेजे जाते थे। पुलिस ने दोनों के व्यवसाय से जुड़ी बंगाल नंबर की डस्टर कार भी जब्त की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद चांदी के संबंध में अब तक कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया है। चांदी के स्रोत, खरीद-बिक्री और लूटकांड से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पहले पांच आरोपियों की हुई थी गिरफ्तारी इस मामले में पुलिस ने पहले पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया था। इनमें विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के कादिराबाद निवासी छोटू कुमार यादव और विशाल महासेठ उर्फ विक्की, नगर थाना क्षेत्र के जीतूगाछी निवासी धीरज सोनी, विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के रुहेलागंज निवासी संतोष कुमार साह और नगर थाना क्षेत्र के शुभंकरपुर निवासी तेजस अभिषेक चंद्र शामिल हैं। इसके बाद जांच के दौरान अन्य आरोपितों की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने मामले में कुल 12 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार के फर्द बयान पर दर्ज प्राथमिकी में स्थानीय अपराधियों के साथ पश्चिम बंगाल के कारोबारी से जुड़े लोगों के नाम भी शामिल हैं। पुलिस की कार्रवाई में अब तक आठ गिरफ्तारियां और करीब 75 किलो चांदी की बरामदगी हो चुकी है। शेष आरोपितों की गिरफ्तारी और लूट की पूरी चांदी बरामद करने के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *