बिहार के कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन गंगा पुल के नामकरण को लेकर अब सियासत शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को ऐलान किया था कि राज्य सरकार ने इस पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर ‘नीतीश सेतु’ रखा है।
.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार दौरे के दौरान इस पुल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। हालांकि, अब राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने पुल के नामकरण पर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि राघोपुर पुल का नाम या तो ‘सामाजिक न्याय सेतु’ होना चाहिए या फिर लालू प्रसाद यादव के नाम पर रखा जाना चाहिए।
लालू जी ने राघोपुर को मुख्यधारा से जोड़ा – रोहिणी आचार्य
लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने कहा कि यह जगजाहिर है कि लालू प्रसाद यादव ने राघोपुर दियारा क्षेत्र के समग्र विकास और पुल के माध्यम से इस इलाके को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार जमीनी प्रयास किए थे। आज राजनीतिक श्रेय लेने के लिए ऐतिहासिक राघोपुर पुल के निर्माण का श्रेय दूसरों के नाम किए जाने का फैसला अफसोसजनक है।
उन्होंने आगे कहा कि राघोपुर की जनता चाहती है कि पुल का नाम ‘सामाजिक न्याय सेतु’ या लालू प्रसाद यादव के नाम पर हो। केवल राजनीतिक फायदे के लिए नामकरण करने का कोई औचित्य नहीं है। ऐसे फैसले पर सवाल उठना लाजिमी है।

कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन गंगा पुल की तस्वीर।
सम्राट चौधरी ने किया था ‘नीतीश सेतु’ नाम का ऐलान
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 13 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि प्रधानमंत्री 21 नवंबर को बिहार आएंगे। इस दौरान कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। राज्य सरकार ने इसका नामकरण ‘नीतीश सेतु’ किया है।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री वैशाली जिले के राजापाकर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनोपयोगी और विकासात्मक योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन भी करेंगे।
संजय झा बोले- बिहार के लिए गौरव और सम्मान की बात
पुल का नाम नीतीश कुमार के नाम पर रखे जाने पर जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने खुशी जताई थी। उन्होंने X पर लिखा कि बिखरे हुए बिहार को एक सूत्र में पिरोने वाले, सड़कों और पुल-पुलियों का जाल बिछाकर राज्य को विकास की नई दिशा और गति देने वाले आधुनिक बिहार के निर्माता नीतीश कुमार के नाम पर छह लेन गंगा पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखा जाना पूरे बिहार के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।

19.30 किलोमीटर लंबा है छह लेन का महासेतु
कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन महासेतु करीब 19.30 किलोमीटर लंबा है। 67 मजबूत पिलरों पर खड़े इस पुल का निर्माण एलएंडटी एजेंसी ने किया है। करीब 5,000 करोड़ रुपए की लागत से तैयार यह एक्स्ट्राडोज्ड केबल पुल आधुनिक इंजीनियरिंग का नमूना है। इसमें मुख्य गंगा नदी पर बने पुल की लंबाई 9.76 किलोमीटर है।
पुल पर वाहनों के 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की सुविधा होगी। पटना शहर से जुड़ने वाला यह तीसरा बड़ा गंगा महासेतु होगा। फिलहाल जेपी दीघा सेतु और महात्मा गांधी सेतु के जरिए उत्तर बिहार से पटना आने वाले वाहनों को रास्ता मिलता है। नए पुल के शुरू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान होगा।

पुल शुरू होने से ये होंगे बड़े फायदे
1. पटना रिंग रोड और एक्सप्रेस-वे से सीधा जुड़ाव: यह महासेतु पटना रिंग रोड और निर्माणाधीन आमस-दरभंगा फोरलेन एक्सप्रेस-वे को सीधे जोड़ेगा। इससे दानापुर, दीघा, शिवाला, बिहटा, कन्हौली, डुमरी, नयागांव, तेलवारीचक, कच्ची दरगाह और सबलपुर के बीच बेहतर कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक्स नेटवर्क विकसित होगा।
2. दूसरे पुलों पर जाम का दबाव घटेगा: इसके चालू होने से गांधी सेतु, बिहटा-कोईलवर पुल और आरा-छपरा के वीर कुंवर सिंह सेतु पर ट्रकों और अन्य भारी वाहनों का दबाव कम होगा।
3. उत्तर बिहार का सफर होगा आसान: मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, कोसी और सीमांचल जाने वाले वाहनों को पटना शहर के भीतर प्रवेश किए बिना बाइपास का विकल्प मिलेगा। इससे यात्रा का समय बचेगा और शहर में ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा।
4. राघोपुर दियारा के विकास को मिलेगी रफ्तार: महासेतु का कच्ची दरगाह से राघोपुर दियारा तक का 4.57 किलोमीटर हिस्सा पहले ही वाहनों के लिए चालू है। इससे इलाके के लोगों को नाव के जोखिम भरे सफर से राहत मिली है। सरकार अब पूरे राघोपुर दियारा इलाके को सुरक्षित करने के लिए चारों तरफ बांध बनाने की योजना पर काम कर रही है। इसके अलावा यहां इंडस्ट्रियल एरिया, लॉजिस्टिक्स एरिया और आईटी पार्क विकसित करने की भी तैयारी है।
अब पुल के नामकरण को लेकर राजनीतिक बहस शुरू हो गई है। एक तरफ जदयू इसे नीतीश कुमार के योगदान का सम्मान बता रही है, तो दूसरी तरफ लालू यादव की बेटी ने इसके नामकरण पर सवाल उठाते हुए सामाजिक न्याय सेतु या लालू प्रसाद यादव के नाम पर रखने की मांग की है।
