![]()
दरभंगा के बिरौल थाना क्षेत्र से पिछले 9 दिनों से लापता तीन बच्चियों की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी और खोजबीन कर रही हैं। बच्चियों की तस्वीर और हुलिया रेलवे विभाग, सीमावर्ती जिलों की पुलिस तथा विभिन्न एजेंसियों को उपलब्ध कराए गए हैं। एसएसपी कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि तीनों बच्चियों की बरामदगी के लिए नगर पुलिस अधीक्षक सह प्रभारी ग्रामीण एसपी अशोक चौधरी के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई है। इस संबंध में बिरौल थाना कांड संख्या 791/26, दिनांक 8 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने तीनों बच्चियों की तस्वीर और हुलिया के साथ एसआईजी में प्रकाशन कराया है। वहीं, पुलिस उपमहानिरीक्षक, रेल को भी बच्चियों की तस्वीर और पहचान संबंधी विवरण भेजकर आवश्यक सहयोग मांगा गया है। आरपीएफ और जीआरपी से भी समन्वय स्थापित किया गया है, ताकि रेलवे स्टेशन और रेल मार्गों पर उनकी तलाश की जा सके। इसके अलावा बच्चियों की तस्वीर और हुलिया वात्सल्य पोर्टल पर अपलोड किया गया है। अनुसंधानकर्ता की ओर से स्थानीय चौक-चौराहों, बस स्टैंड, बाजार और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पोस्टर चिपकाए गए हैं। थाना क्षेत्र के साथ सीमावर्ती इलाकों के ग्रामीण क्षेत्रों में चौकीदारों के माध्यम से भी प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की मदद से बच्चियों की तलाश में जुटी पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है। जिन-जिन स्थानों से बच्चियों के संबंध में सूचना मिल रही है, वहां पुलिस टीम भेजकर सत्यापन और खोजबीन की जा रही है। सीमावर्ती थानों के साथ-साथ पड़ोसी जिलों के पुलिस अधीक्षकों से भी पत्राचार किया गया है। जिला आसूचना इकाई की मदद से तकनीकी स्तर पर भी बच्चियों की तलाश की जा रही है। एसआईटी संभावित ठिकानों, रिश्तेदारों और अन्य संदिग्ध स्थानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि बच्चियों की सकुशल बरामदगी के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इधर, तीन बच्चियों के लापता होने के मामले को लेकर वीआईपी सुप्रीमो एवं पूर्व मंत्री मुकेश सहनी तथा मिथिला स्टूडेंट यूनियन के नेताओं ने भी प्रशासन से शीघ्र बरामदगी की मांग की है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में गंभीरता दिखाते हुए बच्चियों को जल्द सकुशल वापस लाने का आग्रह किया है।
Source link
दरभंगा- बिरौल से लापता बच्चियों की तलाश में SIT गठित:कई जिलों में हुई छापेमारी, VIP चीफ मुकेश सहनी ने भी जल्द बरामदगी की मांग की
