Headlines

बेगूसराय- सुहागरात के लिए दबाव बनाने पर दूल्हे की हत्या:दुल्हन के जीजा ने बैट से पीटकर की हत्या, जून में हुई थी शादी




बेगूसराय में शादी के साढ़े चार महीने तक पत्नी के साथ सुहागरात मनाने की जिद कर रहे दूल्हे की हत्या का मामला सामने आया है। हत्या का आरोप दुल्हन के जीजा और मृतक के चचेरे भाई पर लगा है। घटना क्षेत्र परिहारा थाना क्षेत्र स्थित परिहारा गांव की है। मृतक की पहचान राजा चौधरी के बेटे अभय कुमार उर्फ विशाल (30) के रुप में की गई है। आरोप है कि नवविवाहिता पत्नी पर शारिरिक संबंध बनाने का दबाव दिए जाने पर दुल्हन के जीजा प्रवीण चौधरी और उसके 5 अन्य परिजन ने 4 दिन पहले पीट-पीटकर अधमरा कर दिया था। गंभीर हालत में अभय कुमार को बेगूसराय और फिर पटना के प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। उधर, अभय की लाश गांव पहुंचने के बाद ग्रामीणों और परिवार के अन्य सदस्यों ने परिहारा थाना के पास लाश को रखकर बखरी-खगड़िया मुख्य सड़क को 3 घंटे जाम कर दिया। इस दौरान लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की। ग्रामीण हत्या में शामिल प्रवीण चौधरी उर्फ बिट्टू पंडित और उनके परिवार के सदस्यों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। गांव के लोग बोले- आवेदन देने के बाद भी पुलिस आरोपियों को बचा रही है ग्रामीणों का कहना था कि आवेदन दिए जाने के बाद भी परिहारा थाना कार्रवाई करने के बदले आरोपियों को बचा रही है। आरोपियों को फरार कराने में पुलिस का भी हाथ है। उधर, घटना की सूचना मिलते ही बखरी डीएसपी कुंदन कुमार ने मौके पर पहुंच कर घटना में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। मृतक के पिता बोले- आरोपी बेटे का चचेरा भाई, बहू का जीजा है मृतक के पिता अमरेश चौधरी उर्फ राजा चौधरी ने बताया कि आरोपी प्रवीण चौधरी रिश्ते में भतीजा लगता है। प्रवीण ने अपनी साली मल्हीपुर गांव के रहने वाले अजय मिश्र के बेटे नंदनी कुमारी से 19 जून को मेरे बेटे अभय की शादी कराई थी। उन्होंने बताया कि बहू जब घर आई तब से लेकर घटना वाले दिन तक बेटे को सुहागरात मनाने नहीं दे रही थी। बेटा इस बात की शिकायत अपनी मां से करता था। अमरेश चौधरी ने बताया कि मेरी पत्नी ने जब बहू से बात की, तो उसने कहा कि मेरी एक सहेली ने कहा है कि जब तक मेरी शादी न हो जाए, तुम सुहागरात मत मनाना। इसलिए मैं सुहागरात नहीं मनाऊंगी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा होता था। मृतक के पिता बोले- बहू के घरवालों को भी बताया, लेकिन कोई हल नहीं निकला मृतक के पिता ने कहा कि बेटे की शादी की थी कि वो खुश रहे, परिवार आगे बढ़े, लेकिन बहू का रवैया ठीक नहीं था। इसकी शिकायत बहू के घरवालों से की। बीच में वो मायके भी गई, वापस लौटी तो लगा कि सब कुछ ठीक रहेगा, लेकिन बेटे के मुताबिक उसके व्यवहार में बदलाव नहीं आया। उन्होंने कहा कि मुझे लगा कि कुछ गलत है। चूंकि शादी मेरे भतीजे प्रवीण ने कराई थी, इसलिए उससे भी बात की, लेकिन उसने भी कोई जवाब नहीं दिया। मृतक के पिता बोले- बहू के जीजा और मेरे भतीजे ने धमकी दी मृतक के पिता अमरेश चौधरी ने बताया कि प्रवीण से जब शिकायत की तो उसने दो-तीन दिन के बाद धमकी देने लगा। कुछ दिन पहले मल्हीपुर से कुछ लोगों के साथ लड़की वाले आए थे। लेकिन उन लोगों के सामने लड़की ने कहा कि अगर मुझ पर सुहागरात का दबाव बनाया जाएगा तो मैं फांसी लगा लूंगी, घर से भाग जाऊंगी। इसके बाद 9 नवंबर की सुबह उसके मायके वाले लड़की को लेकर घर चले गए। दीपावली के अगले सुबह काली पूजा का समय था। हम काली मां को प्रसाद चढ़ा कर आए और अपने दरवाजे पर बैठे थे। तभी प्रवीण चौधरी अपने परिजनों के साथ आकर हमसे पूछने लगा कि लड़ाई झगड़ा क्यों होता है, धमकी देने लगा। प्रवीण ने कहा कि मेरी साली के मन में जो आएगा, वो करेगी, तुम लोग कुछ नहीं कर सकते। इसके बाद प्रवीण ने पीछे खड़ी मेरी पत्नी की पिटाई की, मुझे भी पीटा। इसके बाद पत्नी ने डायल 112 को कॉल कर बुलाया तो प्रवीण ने मेरे बेटे के सिर पर बैट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। प्रवीण के साथ उसके घरवाले भी थे। अस्पताल में डॉक्टर ने कहा- अभय का दिमाग डेड हो गया है मृतक के पिता के मुताबिक, पुलिस पहुंची तो इलाज के लिए अभय को बखरी अस्पताल भेज दिया। विशाल को होश नहीं आ रहा था और उसकी स्थिति गंभीर थी तो सदर अस्पताल भेज दिया। यहां स्थिति गंभीर देखकर बेगूसराय के ही एक निजी अस्पताल में ले गए। गुरुवार को रात में 8 बजे अस्पताल से कह दिया गया कि दिमाग करीब डेड हो चुका है, हम कुछ नहीं कर सकते हैं। फिर पटना के एक अस्पताल में 70 हजार लेने के बाद डॉक्टर ने कहा कि इसका कुछ नहीं कहा जा सकता है, घर ले जाइए। फिर हम सुबह में 6 बजे सदर अस्पताल पहुंचे तो मेरे बेटे को मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की मां बोली- भतीजे ने किन्नर से मेरे बेटे की शादी करा दी मृतक की मां रेखा देवी ने बताया कि मेरे भतीजे प्रवीण ने मेरे बेटे अभय की शादी किन्नर से करा दी। 5 महीने हो चुके थे, इसके बाद भी बहू मेरे बेटे को अपने पास नहीं आने देती थी। 9 नवंबर को बहू को उसके घरवाले ले गए। थोड़ी देर बाद प्रवीण आया और हम लोगों के साथ मारपीट की। वहीं, इस संबंध में मुख्यालय डीएसपी निखिल कुमार ने बताया कि 12 नवंबर को रेखा देवी ने परिहारा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराया था कि उनके बेटे अभय की प्रवीण ने अपने घरवालों के साथ मिलकर हत्या कर दी है। अनुसंधान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। डीएसपी ने बताया कि अब तक कारण सामने आया है कि जून महीने में अभय की शादी प्रवीण की अपनी साली से हुई थी। इस समय शादी में प्रवीण चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी में संबंध खराब थे। इसी में विवाद काफी बढ़ गया तो प्रवीण चौधरी ने परिजनों के साथ मिलकर विशाल की पिटाई की थी। आरोपित को जल्द गिरफ्तार करने के आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *