आज नहाय-खाय के साथ लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत हो रही है। घाटों को तैयार किया जा रहा है। गलियों में भक्ति गीत गूंजने लगे हैं और बाजार में पैर रखने की जगह नहीं बची है।
.
इस बार छठ पर्व मनाना थोड़ा महंगा पड़ रहा है। पिछले साल की तुलना में फल, पूजा सामग्री, सूप-दउरा, बर्तन और मिट्टी के सामान की कीमत बढ़ी है।
कई सामान 20 से 30% तक महंगे हो गए हैं। सेब की एक पेटी 2 हजार रुपए के पार पहुंच गई है। दो पेटी खरीदने की तैयारी से बाजार पहुंचे लोग अब एक पेटी लेकर लौट रहे हैं।
छठ पर्व को लेकर बाजार की क्या स्थिति है? फल और दूसरे सामानों की क्या कीमत है? कितनी महंगाई है? पढ़िए रिपोर्ट…।
इस बार बिगड़ने वाला है बजट
पटना के बाजारों की तस्वीर बताती है कि इस बार छठ का बजट बिगड़ने वाला है। बारिश से फलों की गुणवत्ता प्रभावित हुई है।
पिछले साल की तुलना में डीजल की कीमत प्रति लीटर 7 रुपए बढ़ी है। इससे माल ढुलाई खर्च बढ़ा है। इसका असर छठ करने वाले परिवारों की जेब पर पड़ रहा है। बांस से लेकर पीतल तक के सामान की कीमतों में इजाफा हुआ है।
फल बाजार में बारिश की मार, डीजल का वार
बिहार की सबसे बड़ी फल मंडी पटना की बाजार समिति इस वक्त ट्रकों से पटी है। यहां 60 ट्रक सेब, 100 ट्रक केला, 50-50 ट्रक संतरा और अमरूद, 40 ट्रक अनार, 40 ट्रक गन्ना और 60 ट्रक नारियल पहुंच चुके हैं।
इनके अलावा 50 से ज्यादा छोटे वाहनों से सिंघाड़ा, सुथनी, हल्दी, मूली और जंगली फल भी आए हैं। मंडी में माल की कमी नहीं है, फिर भी कीमतें पिछले साल से ज्यादा हैं।
बाजार समिति के फल विक्रेता हसन इमाम बताते हैं, ‘इस बार फलों के दामों में बहुत ज्यादा वृद्धि हुई है। उनके मुताबिक सेब की जो पेटी पिछले साल 1,100 रुपए में बिकती थी, वह अब 1,300 से 1,400 रुपए में बिक रही है। 8 किलो का सेब का डिब्बा पिछले साल 500 से 550 रुपए में मिल रहा था, इस बार 800 रुपए में बिक रहा है।

बारिश, आंधी और ट्रांसपोर्ट ने बढ़ाई कीमत
फल कारोबारियों के मुताबिक इस बार कीमतें बढ़ने की तीन प्रमुख वजहें हैं। बारिश का असर: हसन इमाम बताते हैं कि बारिश के कारण लगभग सभी फलों की क्वालिटी प्रभावित हुई है। फलों पर दाग पड़ गए हैं। अच्छी गुणवत्ता वाला माल कम निकल रहा है। इससे इनकी कीमत बढ़ गई है।
आंधी से केले की फसल को नुकसान: अक्टूबर में आए चक्रवाती तूफान अर्नब के चलते तेज आंधी चली थी। इससे केले के बागानों को नुकसान पहुंचा। बड़ी संख्या में केले के पौधे गिर गए थे। इससे फसल को नुकसान हुआ।
डीजल की कीमत: डीजल की कीमत बढ़ने से ट्रांसपोर्टरों ने भाड़ा बढ़ा दिया है। पटना की मंडी में दूसरे जिलों से भी कारोबारी खरीदारी करने पहुंचते हैं। उन्हें मंडी में सामान खरीदने के बाद अपने जिले तक पहुंचाने के लिए अतिरिक्त भाड़ा देना पड़ता है। इसका असर खुदरा कीमतों पर भी पड़ता है।
खुदरा बाजार में भी बढ़े दाम
थोक मंडी से सामान खरीदने के बाद खुदरा बाजार तक पहुंचते-पहुंचते कीमत और बढ़ जाती है। आम लोग फल किलो या पीस के हिसाब से खरीदते हैं।

आंध्र प्रदेश और कर्नाटक से मंगाए गए केले
स्थानीय बागानों को नुकसान पहुंचने के बाद मंडी में आंध्र प्रदेश और कर्नाटक से केले की खेप मंगाई गई है। केले के कारोबारी राकेश कुमार ने बताया, ‘इस बार केला 400 से 650 रुपए प्रति घौद बिक रहा है। छठ को देखते हुए 90 से 100 ट्रक केला मंगाया गया है। एक ट्रक में करीब 1,000 घौद (24 से 25 टन) केला आता है।
मंडी में फिलहाल खरीदारों की भीड़ कम है। दुकानदार सनी ने कहा, ‘नहाय-खाय और खरना के साथ बाजार में भीड़ बढ़ेगी। ऐसे में कीमतों में और तेजी आने की संभावना है।’
गन्ना और सिंघाड़ा: अर्घ्य की शान भी हुई महंगी
छठ में गन्ना सिर्फ पूजा सामग्री नहीं, बल्कि घाट की शोभा भी है। अर्घ्य के सूप के पास खड़ा हरा गन्ना व्रती परिवार की पहचान माना जाता है। मंडी में इस बार 40 ट्रक गन्ना पहुंचा है। इसके बावजूद खुदरा बाजार में एक गन्ना 20 रुपए में बिक रहा है। पिछले साल इसकी कीमत 15 रुपए थी।
जिस परिवार को पूजा के लिए 5 से 10 गन्ने खरीदने हैं, उसे पिछले साल से 25 से 50 रुपए ज्यादा खर्च करने पड़ सकते हैं। इसी तरह सिंघाड़ा, सुथनी, हल्दी और मूली जैसे पूजा में इस्तेमाल होने वाले सामानों की कीमतें भी बढ़ी हैं। सिंघाड़ा 60 से 100 रुपए किलो बिक रहा है। पिछले साल इसकी कीमत 50 से 80 रुपए थी।
सूप-दउरा बाजार: बांस की टोकरी में भी महंगाई
छठ का सबसे प्रमुख प्रतीक बांस की सूप और दउरा है। प्रसाद दउरा में रखकर घाट तक ले जाया जाता है। व्रती बांस के सूप से अर्घ्य देती हैं। ठाकुरबाड़ी रोड से लेकर कंकड़बाग तक बांस के सामान की दुकानें सजी हैं।

पीतल और धातु के बर्तन की कीमत 100 रुपए तक बढ़ी
छठ पूजा में शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है। इसलिए कई परिवार पूजा के लिए पीतल के बर्तनों को प्राथमिकता देते हैं।
ठाकुरबारी रोड के दुकानदार निरंजन प्रसाद अग्रवाल बताते हैं कि पीतल के सूप, पंजाबी थाल, लोहे के चूल्हे और पीतल की बाल्टी की मांग है। पिछले साल की तुलना में कई सामान की कीमत 80 से 100 रुपए तक बढ़ गई है।

350 रुपए में मिल रहा मिट्टी का चूल्हा
छठ में खरना का प्रसाद मिट्टी के चूल्हे पर बनाया जाता है। इसी चूल्हे पर आम की लकड़ी से खीर, पूड़ी और रोटी तैयार की जाती है। अगले दिन इसी पर ठेकुआ और दूसरे प्रसाद भी बनाए जाते हैं। इसलिए मिट्टी का चूल्हा छठ की खरीदारी का जरूरी हिस्सा है।

छठ पूजा पर बढ़ा खर्च
छठ पूजा में एक व्रती के लिए फल, पूजा सामग्री और प्रसाद की खरीदारी करनी पड़ती है। इस बार इन चीजों के दाम बढ़ने से परिवारों का बजट भी बढ़ गया है। एक पांच सदस्यीय परिवार का उदाहरण लें, जिसमें एक सदस्य छठ कर रहा है।
व्रती के दउरा और सूप में सजाने के लिए सेब, केला, संतरा, अमरूद, सिंघाड़ा, शकरकंद, गन्ना, नारियल, गागर नींबू और अनानास खरीदे जाते हैं। इसके अलावा बांस का सूप, दउरा, टोकरी, मिट्टी का चूल्हा, दीये, कलश, धूपदानी और पीतल का सूप भी लिया जाता है।
इन सभी सामानों की खरीदारी पर पिछले साल 2800 से 3000 रुपए खर्च होते थे, जबकि इस बार 3500 से 4000 रुपए खर्च करने पड़ रहे हैं। यानी एक परिवार को पूजा के समान खरीदने के लिए 600 से 800 रुपए अतिरिक्त खर्च करने पड़ रहे हैं।
इसमें खरना के लिए दूध, चावल, गुड़, घी, आटा, ठेकुआ बनाने की सामग्री और परिवार के सदस्यों के नए कपड़ों का खर्च शामिल नहीं है। इन्हें जोड़ने पर छठ पूजा का कुल बजट और बढ़ जाएगा।
