![]()
दिल्ली में निर्माणाधीन इमारत में हुए हादसे में जान गंवाने वाले खगड़िया के पांच मजदूरों के आश्रितों को जिला प्रशासन ने कुल 20 लाख रुपए की सहायता राशि दी है। बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना के तहत प्रत्येक परिवार को 4-4 लाख रुपए उपलब्ध कराए गए हैं। सभी मृतक बेलदौर प्रखंड की बोबिल पंचायत के रहने वाले थे। छत ढलाई के दौरान हुआ था हादसा जानकारी के अनुसार, 5 नवंबर 2026 को दिल्ली के दरियागंज स्थित अजमेरी गेट-चावड़ी बाजार क्षेत्र में निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत की छत की ढलाई के दौरान हादसा हुआ था। इसमें खगड़िया के पांच मजदूरों की मौत हो गई थी। मृतकों की पहचान हनुमाननगर वार्ड संख्या-4 निवासी संजीत राम (35), संटुन मुखिया (22), बिपिन राम (40), दिनेश साह (50) और बेसी बासा वार्ड संख्या-2 निवासी पंकज शर्मा (43) के रूप में हुई थी। शव गांव पहुंचाने तक प्रशासन ने किया समन्वय पांच मजदूरों की मौत की सूचना मिलते ही खगड़िया जिला प्रशासन सक्रिय हुआ। शवों को मलबे से निकलवाने, पोस्टमार्टम और पार्थिव शरीरों को पैतृक गांव पहुंचाने की प्रक्रिया में दिल्ली पुलिस, संबंधित एजेंसियों और बिहार भवन, नई दिल्ली के स्थानिक आयुक्त के साथ समन्वय किया गया। प्रशासन की ओर से प्राथमिकी और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने में सहयोग किया गया। नियोजक के माध्यम से वाहन और एंबुलेंस की व्यवस्था भी कराई गई, ताकि मृतकों के परिजन दिल्ली पहुंच सकें और शवों को सम्मानपूर्वक गांव लाया जा सके। गांव में अंतिम संस्कार भी प्रशासन की देखरेख में संपन्न कराया गया। आवेदन से राशि स्वीकृति तक पूरी की प्रक्रिया प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना के तहत सहायता दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने आवेदन से लेकर राशि स्वीकृति तक की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर पूरी की। इसके अलावा नियोजक और दिल्ली सरकार से नियमानुसार मृत्यु लाभ और अन्य क्षतिपूर्ति दिलाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी विक्रम विरकर ने कहा कि दुख की इस घड़ी में जिला प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ संवेदनशीलता से खड़ा है। प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है।
Source link
दिल्ली हादसे में मजदूरों के परिवारों को मिले 4-4 लाख:निर्माणाधीन बिल्डिंग गिरने से हुई थी 5 मजदूरों की मौत
