![]()
छठ पूजा के दूसरे दिन कार्तिक शुक्ल पंचमी को खरना का विधान होता है। इस दिन व्रती उपवास रखकर शाम को खरना का प्रसाद बनाती हैं। प्रसाद बनाने के बाद सबसे पहले विधि-विधान से भगवान भास्कर की पूजा की जाती है। पूजा संपन्न होने के बाद व्रती खरना का प्रसाद ग्रहण करती हैं और इसके साथ ही अगले 36 घंटे तक चलने वाले निर्जला व्रत का संकल्प लेती हैं। इसके क्या रीति-रिवाज हैं, किन नियमों का पालन करना पड़ता है? दैनिक भास्कर की इस रिपोर्ट में क्रिकेटर ईशान किशन की मां सुचित्रा सिंह से जानिए। मिट्टी के चूल्हे पर तैयार होता है खरना का प्रसाद सुचित्रा सिंह ने कहा कि खरना के दिन मिट्टी के चूल्हे पर गुड़ और चावल की खीर बनाई जाती है। व्रती सूर्यदेव और छठी मैया का ध्यान करते हुए इस प्रसाद को तैयार करती हैं। खीर के साथ गेहूं के आटे की रोटी भी बनाई जाती है। प्रसाद पकाने के लिए आम की लकड़ी का इस्तेमाल किया जाता है। आम की लकड़ी को पवित्र और शुभ माना जाता है। अगर किसी के पास मिट्टी का चूल्हा नहीं है तो वह गैस पर भी प्रसाद तैयार कर सकती है। ऐसा करने पर उस चूल्हे पर छठ पूजा के प्रसाद के अलावा कोई दूसरा खाना नहीं बनना चाहिए। शुद्धता और सात्विकता का विशेष ध्यान खरना के दिन प्रसाद बनाने से पहले रसोई और पूजा स्थल की विशेष सफाई की जाती है। प्रसाद बनाने वाले बर्तन अलग रखे जाते हैं और भोजन में सामान्य नमक या मसालों का इस्तेमाल नहीं किया जाता। गुड़ की खीर और रोटी जैसे सात्विक प्रसाद के जरिए व्रती भगवान सूर्य और छठी मैया के प्रति अपनी आस्था प्रकट करती हैं। खरना केवल प्रसाद ग्रहण करने की परंपरा नहीं, बल्कि आत्मसंयम, शुद्धता और प्रकृति के प्रति आस्था का प्रतीक है। खरना के बाद शुरू होने वाला निर्जला व्रत छठ पूजा की कठिन साधना को और भी विशेष बना देता है। खरना के बाद शुरू होता है कठिन व्रत खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रती अगले दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने और उसके अगले दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने तक निर्जला व्रत रखती हैं। इस दौरान पानी तक ग्रहण नहीं किया जाता। यही वजह है कि खरना को छठ के कठिनतम चरण की शुरुआत माना जाता है। खरना के प्रसाद से दूर होते सारे कष्ट धार्मिक मान्यता के अनुसार खरना के प्रसाद में इस्तेमाल होने वाला गुड़ और ईख का कच्चा रस शरीर के लिए लाभकारी होता है। इसके सेवन से त्वचा संबंधी परेशानियां और आंखों की पीड़ा दूर होती है। मौसम बदलने के दौरान शरीर में फॉस्फोरस की कमी से सर्दी, जुकाम और कफ जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। गुड़ में फॉस्फोरस पाया जाता है, इसलिए छठ पर्व शुरू होने के साथ ही गुड़ से बने प्रसाद और अन्य पदार्थों का सेवन किया जाता है। खरना के प्रसाद के जरिए व्रती धार्मिक आस्था के साथ प्राकृतिक और पारंपरिक खानपान से भी जुड़ती हैं। बिना पंडित के होती है छठ पूजा छठ पूजा देश का अनोखा पर्व है, जिसमें पूजा के लिए किसी पंडित या पुरोहित की आवश्यकता नहीं होती। व्रती महिलाएं स्वयं पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ पूजा करती हैं। बिहार के इस महापर्व का लोगों के जीवन में विशेष महत्व है। बिहार का व्यक्ति चाहे अमेरिका में हो, बेंगलुरु में या देश-दुनिया के किसी कोने में, छठ के दौरान अपनी मिट्टी, परंपरा और संस्कृति से जुड़ जाता है। लोग पूरी आस्था और रीति-रिवाज के साथ छठ मनाते हैं। कैसे हुई बिहार में छठ पर्व की शुरुआत माता सीता का जन्म बिहार के मिथिला में हुआ था। पौराणिक कथा के अनुसार उन्होंने बिहार में छठ पर्व की शुरुआत की। अयोध्या में जब भगवान राम का राज्याभिषेक हुआ तब माता सीता ने 7 दिनों तक सूर्य की आराधना की थी। दरअसल, रावण वध के बाद जब भगवान श्रीराम 14 साल का वनवास भोग कर अयोध्या वापस आए थे तो रावण वध के पाप से मुक्ति पाने के लिए उन्होंने राजसूय यज्ञ किया था। इस यज्ञ के लिए भगवान राम ने मुद्गल ऋषि को भी न्योता दिया था, लेकिन मुद्गल ऋषि ने अयोध्या जाने की बजाय भगवान राम और सीता को अपने ही आश्रम में आने का आदेश दिया। जब भगवान राम और माता सीता आश्रम पहुंचे तो ऋषि ने उन्हें छठ पूजा का महत्व बताया था। फिर ऋषि मुद्गल की ओर से बताई गई विधि के आधार पर माता सीता ने अंग प्रदेश की राजधानी मुंगेर में छठ पूजा की थी।
Source link
ईशान किशन की मां से जानिए कैसे बनाएं खरना प्रसाद:जानिए मिट्टी का चूल्हा न मिले तो क्या करें, क्यों बनती है गुड़ की खीर
